फिल्म 'भूल भुलैया' के एक डांस सीक्वेंस में विद्या बालन का लुक एक्ट्रेस ज्योतिका के गेटअप से हूबहू मेल खाता था। ज्योतिका ने फिल्म 'चंद्रमुखी' में ऐसा ही किरदार निभाया था। अब ज्योतिका अपनी अगली फिल्म में विद्या बालन के नक्श-ए-कदम पर चलने को तैयार हैं।
विद्या बालन की फिल्म 'तुम्हारी सुलु' अब तमिल भाषा में भी बनने जा रही है। इस फिल्म में साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस ज्योतिका सरवनन लीड रोल में नजर आएंगी। इस रीमेक का निर्देशन राधा मोहन करेंगे। फिल्म की शूटिंग जून या जुलाई में शुरू हो सकती है।
ज्योतिका सरवनन और राधा मोहन की एक्ट्रेस-निर्देशक जोड़ी फिल्म 'मोझी' में काम कर चुकी है। महिला-केंद्रित इस फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से खूब तारीफें मिली थीं। इस फिल्म में ज्योतिका ने गूंगी और बहरी महिला का किरदार निभाया था। एक्ट्रेस फिलहाल मणिरत्नम की फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं।
विद्या बालन की फिल्म 'तुम्हारी सुलु' एक गृहणी की कहानी है जो रेडियो जॉकी बनती है और देर रात प्रसारित होने वाले चैट शो को होस्ट करती है। सम्मोहक आवाज के साथ आरजे की भूमिका निभाने के लिए विद्या बालन की खूब तारीफें हुई थीं।