बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर, कॉमेडियन और राइटर कादर खान अब हमारे बीच नहीं रहे । कनाडा के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली । कादर खान लंबे समय से बीमार चल रहे थे । उनके दिमाग ने भी काम करना बंद कर दिया था। कादर खान के बेटे सरफराज ने बताया कि वो दिन में ही कोमा में चले गए थे । कादर खान ने 45 साल तक बॉलीवुड में राज किया और दर्शकों के दिल में जगह बनाई । जानते हैं उनकी जिंदगी के बारे में...
कादर खान ने अपने करियर में 300 से ज्यादा फिल्में की। साथ ही कई फिल्मों की कहानी और डायलॉग्स भी लिखे। कादर खान का जन्म काबुल, अफगानिस्तान में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक प्रोफेसर के तौर पर की थी। कादर खान का बचपन बड़ी ही गरीबी में बीता। उनके पास पहनने के लिए चप्पल तक नहीं होते थे।
भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के बाद कादर खान का परिवार भारत आकर बस गया था। कादर खान के दो भाई थे जिनका बचपन में ही निधन हो गया था। कादर खान के जन्म के समय उनकी मां मुंबई आ गई थीं। कादर एक इंजीनियरिंग छात्र थे। पढ़ाई पूरी होने के बाद वो सिद्दिकी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में प्रोफेसर हो गए।
कादर खान को अभिनय करना अच्छा लगता था । वो कॉलेज के समय में अभिनय में हिस्सा लिया करते थे। एक बार दिलीप कुमार ने उनका अभिनय देखा और उन्हें बहुत अच्छा लगा। इसके बाद दिलीप कुमार ने कादर खान से अपनी फिल्मों में काम करने के लिए बोला। कादर खान की पहली फिल्म 'दाग' थी। इस फिल्म में कादर खान वकील के रूप में नजर आए थे।
कादर खान ने उस दौर की हिट फिल्म 'रोटी' के डायलॉग्स लिखे थे। इस फिल्म के लिए मनमोहन देसाई ने उन्हें एक लाख 20 हजार रुपए फीस दी थी। उस दौर में यह फीस बहुत बड़ी थी। कादर खान ने फिल्मों के अलावा कई टीवी शो में भी काम किया। उनका शो 'हंसना मत' काफी लोकप्रिय हुआ था। कादर खान को एक कॉमेडियन के तौर पर जाना जाता है।