शाहरुख खान और माधुरी दीक्षित ने एक साथ कई फिल्में दी हैं। लेकिन कुछ फिल्म ऐसी होती हैं जो इतिहास में दर्ज हो जाती है। इस फिल्म से जुड़े कई ऐसे किस्से हैं जिससे आप जरूर रूबरू होंगे लेकिन कई किस्से ऐसे भी हैं जिनकी जानकारी शायद आपको न हो। तो आइए #Throwbackthursday में आज बात करते हैं यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी फिल्म 'दिल तो पागल है' की।
'दिल तो पागल है' 31 अक्टूबर 1997 को रिलीज हुई थी। फिल्म में रोमांस के किंग शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर अहम रोल में थे। 'दिल तो पागल है' एक प्रेम-त्रिकोणीय कहानी थी। फिल्म में लीड एक्टर्स के तौर पर शाहरुख और माधुरी पहले ही चुने जा चुके थे।
दिल तो पागल है में यश चोपड़ा ने रोमांस और म्यूजिक का ऐसा जादू बिखेरा था कि ये फिल्म रोमांस की बेस्ट फिल्मों में दाखिल हो गई। फिल्म के बारे में यही कहा जाता है कि 'दिल तो पागल है...' फिल्म के ट्रेलर को लोगों ने ज्यादा पसंद किया था।
'दिल तो पागल है...' पहली फिल्म थी जब शाहरूख खान और अक्षय कुमार एक साथ एक फिल्म में दिखाई दिए थे। यश चोपड़ा करिश्मा कपूर वाले रोल को लेकर सबसे पहले करिश्मा के ही पास गये थे, लेकिन पहले उन्होंने इस फिल्म को करने से इनकार कर दिया।
बाद में काजोल, जूहा चावला, मनीषा कोईराला समेत दूसरी एक्ट्रेसेज को एप्रोच किया गया, लेकिन कोई भी ये रोल करने को राजी नहीं हुईं वजह थी ये सभी टॉप एक्ट्रेस माधुरी के सामने सेकंड लीड रोल नहीं करना चाहती थीं। आखिरकार करिश्मा ने ये रोल स्वीकार कर लिया। करिश्मा का ये फ़ैसला ग़लत साबित नहीं हुआ। 'दिल तो पागल है' के लिए करिश्मा को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का नेशनल और फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला।
अगले हफ्ते #Throwbackthursday में लेकर आएंगे ऐसी ही किसी फिल्म का किस्सा...