साल भर सोशल मीडिया पर भले ही फिल्मों के बड़े-बड़े दिग्गज कलाकार छाए रहे हों लेकिन बाजी मारने में कामयाब रहे तमिल फिल्मों के सुपरस्टार थलापति विजय। इस साल फरवरी के महीने में ट्विटर पर साझा की गई विजय की एक सेल्फी ने एक रिकॉर्ड बना दिया है। विजय की नेवेली के सेट से साझा की गई एक सेल्फी टि्वटर पर सबसे ज्यादा रिट्वीट की सेल्फी बन गई है। विजय इस साल आयकर विभाग की छापेमारी को लेकर खूब निशाने पर रहे लेकिन उनकी सेल्फी ने उनकी लोकप्रियता का एक नया उदाहरण पेश किया है।
सरकारी छापे भी नहीं रोक पाए इस सुपरस्टार की शोहरत, ये है साल की सबसे ज्यादा रिट्वीट की गई सेल्फी
सुपरस्टार विजय ने तमिलनाडु के एक कस्बे नेवेली में जाकर वहां की जनता के साथ एक सेल्फी ली और उसे फरवरी के महीने में ट्विटर पर साझा किया। इस सेल्फी को अब तक एक लाख 58 हजार से ज्यादा बार रिट्वीट किया जा चुका है। वहीं, इस सेल्फी को तीन लाख 77 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक भी किया है। हालांकि, लाइक्स के मामले में विजय की सेल्फी को महारत हासिल नहीं हो पाई। इस मामले में बाजी मार गईं अभिनेत्री अनुष्का शर्मा। अनुष्का शर्मा और विराट कोहली की वह तस्वीर ट्विटर पर सबसे ज्यादा पसंद की गई जिसके साथ अनुष्का ने अपने मां बनने की घोषणा की।
ट्विटर ने सालभर का पूरा डाटा रिलीज किया है जिसमें राजनीति के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर ट्विटर पर सबसे ज्यादा रिट्वीट की गई। इस तस्वीर में नरेंद्र मोदी अपने घर पर दीया जलाते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, खेलों की बात करें तो भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने जब नरेंद्र मोदी से सराहना पत्र पाया और उसका आभार जब धोनी ने ट्विटर पर व्यक्त किया तो उनका वह ट्वीट सबसे ज्यादा रिट्वीट किया गया। खेलों और फिल्मों में आईपीएल 2020 और दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की अंतिम फिल्म 'दिल बेचारा' सबसे ज्यादा हैशटैग में इस्तेमाल हुए।
विजय की लोकप्रियता तमिलनाडु में बहुत ज्यादा है। हालांकि, यह थोड़ी धूमिल होती हुई तब नजर आई जब आयकर विभाग ने विजय के घर छापेमारी शुरू की। दरअसल, आयकर विभाग को शक था कि पिछले साल रिलीज हुई विजय की फिल्म 'बिजिल' ने बॉक्स ऑफिस पर जो कमाई की, उसमें विजय ने कोई घपला किया है। उस समय विजय नेवेली में अपनी अगली फिल्म 'मास्टर' की शूटिंग कर रहे थे। तब आयकर विभाग ने विजय को शूटिंग छोड़कर उनके घर चेन्नई बुलाया और वहां उनसे पूछताछ हुई। हालांकि, इसका असर विजय की लोकप्रियता पर नहीं पड़ा और उनकी चर्चित सेल्फी लगातार रिट्वीट होती रही।
और अब विजय की यह सेल्फी रिट्वीट होने के मामले में सेल्फी ऑफ द ईयर बन गई है। फिलहाल तो विजय अपनी अगली फिल्म 'मास्टर' के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में इस फिल्म का टीजर रिलीज किया गया जो यूट्यूब पर रिलीज होने के बाद सबसे ज्यादा देखा जाने वाला टीजर भी बन गया है। लोकेश कनागराज की इस फिल्म में विजय के साथ विजय सेतुपति मुख्य भूमिका में होंगे। यह फिल्म जनवरी के महीने में पोंगल के आसपास रिलीज हो सकती है।
Thank you Neyveli pic.twitter.com/cXQC8iPukl
पढ़ें: वायरल हो रही शाहरुख खान की Throwback तस्वीर, साथ खड़ी महिला को जानते हैं आप ?