बीते वर्ष (2018) #MeToo कैंपेन के तहत बॉलीवुड में सनसनी मचा देने वाली अभिनेत्री तनुश्री दत्ता आज अपना 35वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रही हैं। खबर है कि आगामी 11 अप्रैल से शुरू हो रहे हैं आमचुनाव (2019) में तनुश्री दत्ता चुनाव लड़ सकती हैं। गौरतलब है कि झारखंड में जनमत पार्टी के नाम से तीसरा मोर्चा चुनाव मैदान में उतरा है। ऐसे में पार्टी की इच्छा है कि अभिनेत्री जमशेदपुर लोकसभा सीट से उनकी पार्टी के लिए खड़ी हो।
जनमत पार्टी के नेता सूर्या सिंह बेसरा का कहना है कि अभिनेत्री झारखंड के जमशेदपुर से हैं और उनकी स्कूली शिक्षा भी यहीं पूरी हुई है। ऐसे में तनुश्री यहां के लोगों को ज्यादा जानती और समझती हैं, साथ ही इन लोगों के बीच लोकप्रिय भी हैं। सूर्या ने कहा कि अभी इस पर अभिनेत्री से बात चल रही है और पार्टी को आशा है कि वह इस पर सकारात्मक जवाब देंगी। वहीं, आने वाले कुछ दिनों में इस बात की भी पुष्टि हो जाएगी कि अभिनेत्री राजनीति में उतरेंगी या नहीं।
बता दें कि मॉडल से एक्ट्रेस बनीं तनुश्री दत्ता अपनी फिल्मों से उतनी कामयाबी हासिल नहीं कर पाईं लेकिन उनकी वजह से बॉलीवुड में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 19 मार्च को जन्मीं तनुश्री दत्ता ने साल 2004 में फेमिना मिस इंडिया यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद अभिनेत्री के लिए बॉलीवुड के रास्ते आसानी से खुल गए लेकिन इसी बीच उनके साथ एक ऐसा हादसा हुआ कि उन्हें इंडस्ट्री से दूरी बनानी पड़ी।
तनुश्री दत्ता ने बीते वर्ष (2018) 25 सितंबर को एक चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया था कि साल 2008 में फिल्म 'हॉर्न ओके प्लीज' के सेट पर बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर ने उनसे बदतमीजी करने की कोशिश की थी। यही नहीं जब उन्होंने इसकी शिकायत फिल्म के डायरेक्टर राकेश सारंग, प्रोड्यूसर शमी सिद्दीकी और कोरियोग्राफर गणेश आचार्य से की तो उलटा उनका ही उत्पीड़न किया जाने लगा। शिकायत के बाद तनुश्री दत्ता से कहा गया कि उन्हें नाना के साथ इंटीमेट सीन करना है जबकि स्क्रिप्ट में कॉन्ट्रेक्ट के मुताबकि ऐस नहीं था।
तनुश्री के आरोपों के बाद नाना पाटेकर ने मिरर नाउ को टेलीफोनिक इंटरव्यू दिया। उन्होंने कहा कि तनुश्री द्वारा लगाए गए सभी आरोप झूठे हैं। उनकी इमेज खराब करने की कोशिश की जा रही है और वो इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे। सेट पर 200 लोग थे ऐसे में कोई किसी का यौन शोषण कैसे कर सकता है।