अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में सीबीआई से जांच करवाने की मांग हर कोई कर रहा है। इस बीच बॉलीवुड की दिवंगत अभिनेत्री जिया खान की मां राबिया खान ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा है।
Sushant Singh Rajput Case: जिया खान की मां ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत को बताया मर्डर, बेटी को याद कर बॉलीवुड माफियाओं पर बोली ये बात
राबिया खान ने भी अपने पोस्ट में सुशांत सिंह राजपूत की मौत की सीबीआई जांच करवाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत को उनकी बेटी जिया खान की मौत की तरह आत्महत्या बताया जा रहा है। राबिया खान ने बेटी जिया खान की आत्महत्या को मर्डर बताया है जिसके लिए उनको उकसाया गया था। उन्होंने अपने पोस्ट के यह भी कहा है कि पुलिस पर राजनीतिक दबाव की वजह से सच सामने नहीं आ पाता है।
राबिया खान ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'जिया खान की तरह ही सुशांत सिंह राजपूत को भी मारा गया और मैंने इससे ज्यादा मजबूर, बेबस और उदास इससे पहले कभी महसूस नहीं किया। सुशांत सिंह राजपूत और जिया को पहले झूठा अटेंशन और प्यार दिया गया। जब दोनों उनके नार्सिस्टि साइकोपैथिक गैस लाइटिंग पार्टनर्स के जाल में फंस गए तो उन्हें शारीरिक तौर पर नुकसान पहुंचाया गया और उन्हें गाली दी गई। दोनों के पैसों का भरपूर इस्तेमाल किया गया और परिवार-चाहने वालों से दूर कर दिया गया।'

जिया खान की मां ने पोस्ट में आगे लिखा, 'जिया और सुशांत को मानसिक रूप से बीमार बताया गया और उन्हें काम न होने के कारण से डिप्रेशन से ग्रस्त बताया गया। जब इनके पार्टनर्स अपना कंट्रोल खोते गए तो उनके होमिसाइडल डेथ को आत्महत्या कहा गया। जिया खान और सुशांत के नार्सिस्टिक क्रिमिनल पार्टनर्स ताकतवर बॉलीवुड माफिया और नेताओं से जुड़े हुए हैं, इसलिए उन्हें उनकी शह मिली हुई है क्योंकि उन्हें पता है कि बॉलीवुड माफिया और नेताओं के पास अपराधियों के बर्ताव को जानने की ताकत है।'

राबिया खान पोस्ट में आगे लिखती हैं, राजनीतिक दबाव की वजह से पुलिस सच सामने नहीं ला रही है। उन्होंने अपना पूरा समय सबूत मिटाने और इस होमिसाइडल डेथ को आत्महत्या बताने में बिता दिया है। अपनी इस मनगढ़ंत कहानियों को सच साबित करने के लिए वह बॉलीवुड माफिया और उनके सिंडिकेट मीडिया का सहारा लेते हैं और डिप्रेशन से जुड़ी स्टोरी को सही साबित करने के लिए महेश भट्ट को एंकर की तरह इस्तेमाल करते हैं। सीबीआई को इन मामलों में तह तक जाकर जांच करनी चाहिए और इन अपराधियों को सजा देनी चाहिए। वरना यह सब और हैवान बन जाएंगे और अपने इन बुरे कामों को दोगना करते रहेंगे। जिया-सुशांत की तरह दूसरे मासूमों को भी मारते रहेंगे। वह किसी घटना का शिकार नहीं होते, बल्कि नेताओं, पुलिस और बॉलीवुड माफियों, अपराधियों को सुरक्षा देते है। वहीं पीड़ित के परिवार को डर के साये में जीने को मजबूर करते है। इस तरह का अपराध खत्म होने चाहिए'।
