नवरात्रि के दिनों में कंडोम के विवादित विज्ञापन को लेकर
सोशल मीडिया पर ट्रोल हो चुकीं सनी लियोनी ने अब इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ी है।
सनी ने बयान जारी करते हुए कहा कि मुझे अच्छे से पता है कि सेलिब्रिटी को टारगेट करना आसान है। उन्होंने कहा कि मुझे अपने बारे में घटिया बात सुनना पसंद नहीं है, खासकर वो बातें जो सच नहीं है। उन्होंने कंडोम वाले विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि विवाद होना मेरे लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे अच्छे से पता है कि मैं कौन हूं और मेरी जिंदगी क्या है।
गौरतलब है कि गुजरात में पिछले महीने नवरात्रि के समय सनी लियोनी का कंडोम का एक विवादित विज्ञापन सामने आया था। उस विज्ञापन में गुजराती भाषा में लिखा था कि ‘इस नवरात्रि खेलो, मगर प्यार से।’ विज्ञापन की इस टैगलाइन को लेकर कई धार्मिक संगठनों ने कड़ा ऐतराज जताया था। सोशल मीडिया पर भी सनी को इस विज्ञापन की वजह से ट्रोल होना पड़ा था।
उस समय पेशे से बिजनेसमैन और हिंदू युवा वाहिनी के अध्यक्ष नरेंद्र चौधरी ने विरोध जताते हुए कहा था कि ‘कंडोम के ब्रांड को प्रमोट करने के लिए जिस तरह का मैसेज लिखा गया है, उसने हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर इन होर्डिंग्स को जल्द से जल्द नहीं हटाया गया तो हमारा विरोध आगे और बढ़ेगा।’
उस समय मामला बढ़ने के कारण उस विज्ञापन पर रोक लग गई थी। इसके बाद मामला खत्म हो गया था। अब जाकर उस मुद्दे पर सनी लियोनी ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। हालांकि सनी पहली बार किसी विवाद में नहीं आईं हैं। इससे पहले भी वो कई विवादों से गुजर चुकी हैं।