एक्शन और रोमांटिक किरदारों से लेकर बॉलीवुड में अपने शानदार स्क्रीन अपीयरेंस और बुलंद अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले सनी देओल की कुछ फिल्में ऐसी थीं जो सुबह 6 बजे से सिनेमा में चलती थीं। जानिए उनके बारे में सबकुछ
'जब ये ढाई किलो का हाथ उठता है तो फिर कोई और उठता नहीं, उठ जाता है।' सिनेमा के बदलते दौर में भी फिल्म 'दामिनी' में सनी देओल का यह मशहूर डॉयलॉग तो आपको याद ही होगा। एक्शन और रोमांटिक किरदारों से लेकर बॉलीवुड में अपने शानदार स्क्रीन अपीयरेंस और बुलंद अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले सनी देओल की अलग ही जगह है।
नौ अक्तूबर, 1959 में जन्में सनी का दौर भले ही हिंदी फिल्मों में अब बदल चुका हो लेकिन उनकी लोकप्रियता आज भी कायम है। तो चलिए, उनके जन्मदिन के इस मौके पर हम आपको उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें बताते हैं।
असली नामः बहुत कम ही लोगों को पता होगा कि सनी देओल का असली नाम अजय सिंह देओल है। चूंकि उनका परिवार उन्हें प्यार से सनी नाम से बुलाता था तो आगे चलकर फिल्मों में भी उन्हें सनी नाम से ही पहचान मिली। हालांकि 1995 में उन्हें 'अजय' नाम की एक फिल्म में भी काम किया था।
इंग्लैंड से सीखी एक्टिंगः अपनी देसी छवि के लिए मशहूर सनी के प्रशंसकों को शायद ही मालूम होगा कि एक्टिंग की पढ़ाई उन्होंने इंगलैंड के बर्मिंघम के 'द ओल्ड वर्ल्ड थियेटर' से की।