बॉलीवुड में एक्शन हीरो के तौर पर अपनी पहचान बनाने वाले एक्टर सुनील शेट्टी 11 अगस्त को 57वां जन्मदिन मना रहे हैं। सुनील शेट्टी को हिंदी सिनेमाजगत में 'अन्ना' के नाम से भी जाना जाता है। सुनील शेट्टी को फिल्म इंडस्ट्री में 26 साल हो चुके हैं। सुनील भले ही अब बॉलीवुड फिल्में कम करते हो लेकिन उनकी सुपरडुपर हिट फिल्मों के किरदार आज भी लोगों दिलों की धड़कने बढा़ देते हैं। तो चलिए आपको सुनील शेट्टी से जु़ड़े कुछ अनकहे किस्से बताते हैं।
सुनील शेट्टी ने बॉलीवुड में साल 1992 में 'बलवान' फिल्म से एंट्री की थी। इस फिल्म में सुनील शेट्टी के अपोजिट दिव्या भारती मुख्य किरदार में थीं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट हुई और रातोंरात सुनील शेट्टी का सितारा बॉक्स ऑफिस पर हमेशा के लिए चमक गया।
कहा जाता है कि 'बलवान' फिल्म के लिए सुनील शेट्टी के साथ कोई भी एक्ट्रेस काम करने के लिए तैयार नहीं थी। ऐसा इसलिए क्योंकि सुनील शेट्टी उस वक्त न्यूकमर थे। आखिर में दिव्या भारती ने इस फिल्म को किया था।
ऐसा कहा जाता है कि शादीशुदा एक्टर का बॉलीवुड में हिट होना मुश्किल है। सुनील शेट्टी ने इस बात को भी गलत साबित कर दिया। फिल्मों में आने से पहले यानी कि सुनील शेट्टी ने साल 1991 में माना से शादी कर ली थी। इसके बावजूद उनकी पहली फिल्म सुपरहिट रही।
माना और सुनील शेट्टी की शादी लव मैरिज थी। पहली बार सुनील शेट्टी ने माना को एक शॉप पर देखा था और तभी उन्हें दिल दे बैठे थे। माना अलग धर्म से ताल्कुल रखती थी। माना और सुनील के दो बच्चे हैं अथिया और अहान शेट्टी। अथिया बॉलीवुड में डेब्यू कर चुकी हैं जबकि अहान जल्द ही फिल्मों में डेब्यू करने जा रहे हैं।