तनुश्री दत्ता के आरोपों के बाद नाना पाटेकर ही नहीं कई बड़े नामों पर यौन शोषण का मामला सामने आया है। इस लिस्ट में विकास बहल, कैलाश खेर और आलोक नाथ पर आरोप लगे हैं। एआईबी के दो संस्थापकों और स्टैंडअप कॉमेडियन तन्मय भट्ट और गुरसिमरन खंबा को यौन उत्पीड़न के मामले में टीम से हटा दिया गया है। वो अब एआईबी का हिस्सा नहीं होंगे। यही नहीं एआईबी के साथ काम करने वाली एक और कॉमेडियन भी फंसती दिख रही हैं।
स्टैंड अप कॉमेडियन अदिति मित्तल पर यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। मी टू कैंपेन के तहत कॉमेडियन कनीज सुर्का ने दो साल पहले का एक मामला सुनाया है। कनीज ने लिखा कि 'अंधेरी में मैं एक कॉमेडी शो होस्ट कर रही थी। उस दौरान करीब 100 लोग वहां मौजूद थे। अदिति मित्तल मेरे पास स्टेज पर चलकर आती हैं। जबरन मुझे किस करती हैं और अपनी जीभ मेरे मुंह में डाल देती हैं। उस वक्त मैं स्टेज पर थी। यह शर्मिंदगी भरा था और चौंकाने वाला भी।'
कनीज सुर्का ने आगे लिखा कि 'हर इंसान का अपना दायरा होता है। उन्होंने वो दायरा तोड़ा है। एक साल पहले मैंने हिम्मत करके अदिति से इस बारे में बात की तो उन्होंने माफी मांग ली लेकिन बाद में मुझ पर ही हावी होने लगीं। जिससे मैं काफी हर्ट हुई। मी टू मूवमेंट में जिस तरह ट्विटर पर उन्हें हीरो की तरह बताया जा रहा है उससे मैं हैरान रह गई।'
'कल फिर से मैंने एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उनसे रिक्वेस्ट किया कि वो पब्लिक में माफी मांगें और मुझे मेरा नाम सबके सामने लाने की तकलीफ बताएं। पहले उन्होंने इसी घटना के लिए माफी मांगी थी, वहीं बाद में उन्होंने जबरन किस करने की किसी भी बात से इनकार किया है। मेरे पास सबूत है लेकिन मुझे लगा कि हम पीड़ित पर भरोसा करते हैं। उन्होंने जो कल किया उसने मुझे काफी हर्ट किया है। उनकी वजह से मुझे यह कदम उठाना पड़ा है, लेकिन अब मैं चुप नहीं रहने वाली।'
इससे पहले एआईबी के ही एक और कॉमेडियन उत्सव चक्रवर्ती पर यौन शोषण का आरोप लगा था। जिस पर अदिति मित्तल ने आलोचना की थी। कनीज ने इसी बात का उल्लेख करते हुए लिखा कि उन्हें ट्विटर पर मी टू के लिए इतनी सराहना मिल रही है लेकिन उनकी सच्चाई कुछ और है।