तमिल अभिनेता सूर्या शिवकुमार (Suriya Sivakumar) का आज जन्मदिन है। सूर्या आज 45 साल के हो गए हैं। ये बात तो आप सभी जानते होंगे कि सूर्या तमिल सिनेमा में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले एक्टर्स में से एक हैं। सूर्या ने एक्ट्रेस ज्योतिका (Jyothika) से शादी की है। आज मौका है सूर्या के जन्मदिन का तो आइए बताते हैं उनके अब तक के सफर के बारे में...
सूर्या शिवकुमार (Suriya Sivakumar) की पहचान उनके फैन्स के बीच 'सिंघम (Singham)' के तौर पर होती है। सूर्या साउथ ही नहीं बल्कि पूरे देश में अपने इस कैरेक्टर की वजह से लोकप्रिय हैं। सूर्या तमिल एक्टर शिवकुमार के बेटे हैं। सूर्या के भाई कार्थी भी साउथ फिल्मों में काम करते हैं।
फिल्म इंडस्ट्री से संबंध होने के बावजूद सूर्या ने जो स्टारडम हासिल किया है वो अपने दम पर किया है। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने कपड़े की फैक्ट्री में काम करना शुरू किया। यहां उन्होंने अपनी पहचान छुपाकर रखी थी वे कि एक्टर शिवकुमार के बेटे हैं। फैक्ट्री में उन्हें काम के बदले एक हजार रुपए मिलते थे। लेकिन बाद में फैक्ट्री के मालिक को सच्चाई का पता चल गया जिसके बाद सूर्या ने काम छोड़ दिया और एक्टिंग की दुनिया में आ गए।
सूर्या ने 22 साल की उम्र में डायरेक्टर वसंत की फिल्म 'नेररुक्कू नेर' (1997) से डेब्यू किया। इस फिल्म के प्रोड्यूसर मणि रत्नम थे। सूर्या को पहचान मिली फिल्म 'नंदा' से। ये फिल्म उनके करियर के लिए टर्निंग प्वाइंट साबित हुई। इस फिल्म के लिए उन्हें तमिलनाडु स्टेट फिल्म अवॉर्ड में बेस्ट एक्टर के अवॉर्ड से नवाजा गया। आज सूर्या साउथ सिनेमा के हाइएस्ट पेड स्टार्स में से एक हैं।
सूर्या और ज्योतिका ने 11 सितंबर, 2006 में शादी की थी। दोनों की धूमधाम से शादी हुई थी। सूर्या और ज्योतिका ने 1999 में आई फिल्म 'पूवेल्लम केत्तुप्पर' में सबसे पहले स्क्रीन शेयर की थी। इसके बाद से ही दोनों की अफेयर की खबरें आने लगीं। इस कपल के दो बच्चे, बेटी दीया और बेटा देव हैं।