कोरोना वायरस की वजह से लगे लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों, गरीबों और जरूरतमंदों के लिए फरिश्ता बने बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सोनू सूद आज अपना 47वां जन्मदिन मना रहे हैं। पूरे देश में जबसे लॉकडाउन लगा है। तबसे अब तक वह हजारों लोगों की मदद कर चुके हैं। जन्मदिन के खास मौके पर अब सोनू सूद ने प्रवासी मजदूरों को अपनी तरफ के खास तोहफा दिया है।
अपने जन्मदिन पर सोनू सूद ने मजदूरों की दी खास सौगात, इतने लाख लोगों को नौकरी देने का किया एलान
सोनू सूद सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। लोग उनसे सोशल मीडिया के जरिए मदद की गुहार लगाते रहते हैं। जन्मदिन के मौके पर सोनू सूद ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर तीन लाख प्रवासी मजदूरों को रोजगार देने का एलान किया है। अपनी इस मुहिम को वह इन दिनों बाढ़ का सामना कर रहे राज्य बिहार और असम से शुरू करेंगे।
प्रवासी मजदूरों को रोजगार दिलाने के लिए सोनू सूद ने एक वेबसाइट भी बनाई है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'मेरे जन्मदिन के अवसर पर मेरे प्रवासी भाईयों के लिए http://PravasiRojgar.com का तीन लाख नौकरियों के लिए मेरा करार। यह सभी अच्छे वेतन, पीएफ, ईएसआई और अन्य लाभ प्रदान करते हैं।' इसके साथ ही सोनू सूद ने अपने ट्वीट में #AbIndiaBanegaKamyaab के जरिए उन सभी कंपनियों का जिक्र किया जिसके जरिए वह लोगों को रोजगार देंगे।
मेरे जन्मदिन के अवसर पे मेरे प्रवासी भाइयों के लिए https://t.co/UWWbpO77Cf का 3 लाख नौकरियों के लिए मेरा करार। ये सभी अच्छे वेतन, PF,ESI और अन्य लाभ प्रदान करते हैं। धन्यवाद् AEPC, CITI, Trident, Quess Corp, Amazon, Sodexo, Urban Co , Portea और अन्य सभी का।#AbIndiaBanegaKamyaab pic.twitter.com/rjQ0rXnJAl
सोशल मीडिया पर सोनू सूद का यह ट्वीट तेजी से वायरल हो रहा है। जन्मदिन के मौके पर अभिनेता की ओर से प्रवासी मजदूरों को रोजागर का एलान करने पर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है। गौरतलब है कि असम और बिहार में कोरोना वायरस के साथ बाढ़ के कहर ने कई लोगों को बेरोजगार कर दिया है। इन सभी की सोनू सूद हर तरीके से मदद करने की कोशिश में लगे हुए हैं।
आपको बता दें सोनू सूद लोगों की हर तरह से मदद करते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने आंध्र प्रदेश के एक किसान परिवार की नया ट्रैक्टर तोहफे में देकर मदद की। इसके अलावा उन्होंने लॉकडाउन में नौकरी गवां चुकीं इंजीनियर युवती को सब्जी बेचता देख मदद का हाथ बढ़ाया। इसके अलावा वह अन्य तरीके से भी लोगों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं।
पढ़ें: बाहरी भीतरी के झगड़े के बीच दीपक डोबरियाल ने उठाया ये बड़ा सवाल, देखिए ये पोस्टर और बताइए कहां है वो!