सितारे भी कमाल करते हैं और ये कमाल कई बार छोटी मोटी शैतानियों और शरारतों की शक्ल में भी सामने आते हैं। ताजा मामला दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा का है, जिन्होंने अपने चाहने वालों के साथ मंगलवार को एक शरारत की और इसकी असलियत खुली अगले दिन बुधवार को। मंगलवार को पूरे दिन एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा, जिसमें उनके हाथों में हथकड़ी लगी हुई है।
सोनाक्षी की 'गिरफ्तारी' का सच आया सामने, हाथों में हथकड़ी लगा वीडियो हुआ था वायरल
सूत्र बताते हैं कि इस वीडियो को जानबूझकर वायरल कराया गया और मामला हद से बढ़ते देख सोनाक्षी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस बवाल को थामने की कोशिश भी की। सोनाक्षी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘मुझे पता चला है कि सोशल मीडिया पर मेरे कुछ वीडियो प्रसारित हो रहे हैं। ये मैं तो हूं लेकिन जो दिख रहा है वह पूरा सच नहीं हैं। मैं इस वीडियो का विवरण जल्द ही साझा करूंगी।’
A post shared by Viral Bhayani (@viralbhayani) on
वीडियो वायरल होने के बाद से चल रही छानबीन में ये पता चला है कि यह वीडियो तो असली है लेकिन जो इसमें दिख रहा है वह एक ब्यूटी प्रोडक्ट के कमर्शियल की शूटिंग का हिस्सा है। इस कमर्शियल में सोनाक्षी सिन्हा को जरूरत से ज्यादा खूबसूरत दिखने के चलते गिरफ्तार किया जाता दिखाया गया है और वह सफाई देती दिख रही हैं कि उन्होंने कुछ गलत तो नहीं किया।
इस कैंपेन के बारे में सोनाक्षी ने ही खुलासा किया है। हाल ही में फिल्म खानदानी शफाखाना में नजर आईं सोनाक्षी सिन्हा की अगली फिल्म मिशन मंगल 15 अगस्त को रिलीज हो रही है। इसके अलावा वह इन दिनों अपनी दो और फिल्मों दबंग 3 और भुज- द प्राइड ऑफ इंडिया की शूटिंग में भी व्यस्त हैं।