टिकटॉक स्टार सिया कक्कड़ ने हाल ही में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पहले अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और अब उनकी आत्महत्या की खबर ने लोगों को हैरान कर दिया है। सिया कक्कड़ ने किस वजह से खुद की जिंदगी को खत्म करने का फैसला किया, यह अभी तक पता नहीं चला है, लेकिन आत्महत्या जैसा खतरनाक कदम उठाने पर छोटे पर्दे के मशहूर अभिनेता जय भानुशाली ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
TikToker सिया कक्कड़ की मौत से हैरान हैं जय भानुशाली, कहा- 'आत्महत्या जैसा कदम उठाने से पहले...'
जय भानुशाली ने सिया कक्कड़ की मौत पर अफसोस जताया है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस तरह आत्महत्या जैसा कदम उठाने से पहले एक बार अपने माता-पिता के बारे में जरूर सोचना चाहिए। इस बात को जय भानुशाली ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा है। जिस पर उनके फैंस और कई सोशल मीडिया यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
जय भानुशाली ने अपने वीडियो में कहा, 'सिया कक्कड़ के बारे में सुनकर हैरान हूं, भगवान उनकी आत्मा को शांति दे, लेकिन मैं यह कहना चाहूंगा कि हर एक की जिंदगी में कोई न कोई परेशानी है। इस महामारी में किसी की जिंदगी शानदार नहीं चल रही है। हर किसी को परेशानी का समाना करना पड़ रहा है, लेकिन इस तरह का कदम नहीं उठाना चाहिए। ऐसा करके आप अपनी परेशानी कम कर देते हैं लेकिन एक बार अपने मां-बाप के बारे में सोचिए, जिन्होंने आप पर इतना समय, ऊर्जा भावनाएं 15, 20, 30 सालों में इनवेस्ट किया हैं।'
A post shared by Jay Bhanushali (@ijaybhanushali) on
जय भानुशाली ने वीडियो में आगे कहा, 'और आप एक झटके में अपनी जान लेकर मां-बाप की सारी मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। एक पिता होने के नाते मुझे हैरानी होती है कि आजकल बच्चे इतनी आसानी से यह कदम कैसे उठा लेते हैं। अगर आपको कोई परेशानी है तो किसी से बात कीजिए। अपने दोस्तों को बताइए, मनोचिकित्सक से मिलिए, मगर यह कदम मत उठाइए। और कभी किसी से आत्महत्या से प्रेरित मत होइए। ऐसे करना भी गलत है।'
आपको बता दें कि 16 साल की टिकटॉक स्टार सिया कक्कड़ दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में रहती थीं। उन्होंने गुरुवार रात को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। असमय हुई उनकी मौत को लेकर सिया कक्कड़ के परिवार और उनके करीबी काफी हैरान हैं। वहीं उनकी आत्महत्या के मामले में पुलिस हर तरह से जांच कर रही है।
पढ़ें: आर्थिक तंगी और डिप्रेशन से जूझ रहे हैं ये अभिनेता, सोशल मीडिया पर मांग रहे हैं काम