दिग्गज फिल्मकार श्याम बेनेगल को प्रतिष्ठित वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए चुना गया है। मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (एमआईएफएफ-2018) में इसकी घोषणा की गई है। कार्यक्रम के समापन समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.वी. राव शनिवार को बेनेगल को पुरस्कार के रूप में एक ट्रॉफी, एक प्रशस्ति पत्र, शॉल और 10 लाख नकद देंगे।
73 वर्षीय बेनेगल एक सम्मानित और दिग्गज फिल्मकार हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने 28 फीचर फिल्मों का निर्माण किया। जिसमें अंकुर, निशांत, मंडी, भूमिका, मंथन और जुनून जैसी क्लासिक फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने 41 डॉक्युमेंट्री बनाई, जिसमें सांस्कृतिक, नृविज्ञान, टिकाऊ विकास, जीवन शैली, कला और संस्कृति समेत तमाम विषय शामिल हैं।
बेनेगल का नाम एक स्वतंत्र समिति द्वारा सर्वसम्मति से चुना गया। समिति में किरण शांताराम, राहुल रावैल, प्रसून जोशी, भारती प्रधान और विनोद अनुपम शामिल थे। समिति ने भारत के वृत्तचित्र आंदोलन के विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान को ध्यान में रखते हुए इस पुरस्कार के लिए चुना।
फिल्मों की दुनिया में उत्कृष्ट योगदान के लिए MIFF का वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया जाता है। इस पुरस्कार को महान फिल्म निर्माता शांताराम राजाराम वानकुदरे की स्मृति में स्थापित किया गया था, जिन्हें वी. शांताराम के नाम से जाना जाता है।