इन दिनों कई स्टार किड बॉलीवुड में डेब्यू करने की तैयारी में हैं। जाह्नवी कपूर और सारा अली खान के बाद चर्चा थी कि टीवी एक्ट्रेस श्वेता तिवारी की बेटी पलक भी जल्द बड़े परदे पर दिखने वाली हैं। पलक अभी केवल 17 साल की हैं और इंस्टाग्राम पर उनके फैंस की संख्या लाखों मेें है।
काफी समय से चर्चा थी कि श्वेता तिवारी की बेटी 'तारे जमीन पर' फेम एक्टर दर्शील सफारी के साथ 'क्विकी' नाम की फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी लेकिन ताजा अपडेट यह है कि पलक को सिल्वर स्क्रीन पर देखने के लिए फैंस को अभी काफी इंतजार करना पड़ेगा।
दरअसल, बेटी के बॉलीवुड डेब्यू पर खुद श्वेता तिवारी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, 'पिछले कुछ महीनों से मुझसे पलक के 'क्विकी' से डेब्यू करने के बारे में सवाल पूछे जा रहे थे। हम भी खुद चाहते थे कि पलक 'क्विकी' से शुरूआत करें लेकिन ये प्रक्रिया काफी लंबी थी और अब पलक की 12वीं क्लास की पढ़ाई शुरू हो गई है।'
श्वेता आगे लिखती हैं, 'हमने प्लान किया है कि पलक का इस फिल्म से खुद को अलग करना बेस्ट होगा क्योंकि इस समय पलक की पढ़ाई सबसे ज्यादा जरूरी है। हमें दुख है कि ये फैसला लेना पड़ा लेकिन मैं भरोसा दिलाती हूं कि पलक बहुत जल्द डेब्यू करेगी।'
पलक का जन्म 8 अक्टूबर 2000 को हुआ था। वो श्वेता तिवारी और उनके पहले पति राजा चौधरी की बेटी हैं। राजा चौधरी के साथ अपने 9 साल पुराने रिश्ते को खत्म कर श्वेता तिवारी ने अभिनव शुक्ला के साथ दूसरी शादी रचाई। दोनों का एक बेटा भी है।