बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत का विवादों से अक्सर नाता रहा है। वह इस साल अपने कई बयान और सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देने की वजह से बहुत बार विवादों में आ चुकी हैं। अब कंगना रणौत नई मुश्किलों में फंसती हुई दिखाई दे रही हैं। अभिनेत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव भेजा गया है। यह प्रस्ताव शिव सेना पार्टी के विधायक प्रताप सरनाईक ने भेजा है।
कंगना रणौत की फिर बढ़ीं मुश्किलें, अब शिवसेना नेता ने अभिनेत्री के खिलाफ भेजा नोटिस
दरअसल कंगना रणौत ने बीते दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उस खबर पर सहमति दी थी जिसमें बताया गया था कि शिव सेना विधायक प्रताप सरनाईक के घर में पाकिस्तानी क्रेडिट कार्ड मिले हैं। अभिनेत्री ने इस खबर पर सहमति जताते हुए अपनी टिप्पणी भी की थी। जिस पर अब प्रताप सरनाईक ने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष को कंगना के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव भेजा है।
प्रताप सरनाईक ने विधानसभा के प्रधान सचिव से अनुरोध किया है कि वह उनके नोटिस को विधानसभा की विशेषाधिकार समिति को भेजें। अगर अध्यक्ष कंगना रणौत के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव को स्वीकार कर लेते हैं तो उन्हें विधानसभा में हाजिर होकर अपनी टिप्पणी पर सफाई देनी होगी। गौरतलब है कि कंगना रणौत से पहले प्रताप सरनाईक ने टीवी एंकर अर्नब गोस्वामी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लेकर आए थे। जिसके बाद अर्नब को विधानसभा में पेश होने के लिए चार बार नोटिस भी जारी किया गया था।

आपको बता दें कि कंगना रणौत ने इस साल मुंबई की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर से की थी। उनकी इस टिप्पणी पर प्रताप सरनाईक ने एक इंटरव्यू में अभिनेत्री को धमकाते हुए कहा था, 'अगर वह मुंबई आती हैं तो हमारी महिला कर्मचारी उनका मुंह तोड़ देंगी।' हालांकि, इस बयान के बाद प्रताप सरनाईक को राष्ट्रीय महिला आयोग की आलोचना का सामना करना पड़ा था।
वहीं एक सोशल यूजर ने ट्विटर पर कंगना रणौत को टैग करते हुए लिखा, 'कंगना सही थीं, सरनाईक के घर से पाकिस्तान का क्रेडिट कार्ड मिला है।' इसके जवाब में अभिनेत्री ने अपने ट्वीट में लिखा, 'जब मैंने कहा था कि मुंबई पीओके जैसा लग रहा है, तब इन्होंने मेरा मुंह तोड़ने की धमकी दी थी। भारत के लोगों उन्हें पहचान रहे हैं जो आपके लिए सबकुछ दांव पर लगा रहे हैं और जो आपका सबकुछ छीन रहे हैं। जिन पर आप भरोसा करते हैं वही आपका भविष्य तय करते हैं। इंडिया पाकिस्तान न बन जाए संभालो यारों।'
पढ़ें: कपूर परिवार ने राज कपूर को ऐसे किया याद, जन्मदिन पर करीना, करिश्मा और नीतू ने साझा की ये खास तस्वीरें