ट्रेलर रिव्यू: शेरनी (फिल्म)
कथा-पटकथा: आस्था टिकू
निर्देशक: अमित मासुरकर
कलाकार: विद्या बालन, शरत सक्सेना, नीरज कबी, ब्रजेंद्र काला, विजय राज, इला अरुण, मुकुल चड्ढा आदि।
ओटीटी: अमेजन प्राइम वीडियो
रेटिंग: ***
पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर तो खैर किसी कलाकार का दम दिख नहीं पाया लेकिन जो फिल्में सिनेमाघरों की बजाय सीधे ओटीटी पर रिलीज हुईं, उनमें हीरोइनों की फिल्मों में ‘शंकुतला देवी’ नंबर वन रही। ओटीटी पर विद्या बालन की ये धमक एक बार फिर दिखने वाली है उनकी नई फिल्म ‘शेरनी’ में। फिल्म का ट्रेलर बुधवार को रिलीज हो गया। ट्रेलर में विद्या बालन शिकारियों से शिकार बचाती दिख रही हैं। कहानी उस शेरनी की है जिसे आदमखोर बताकर मार दिया गया। लोगों का कहना रहा कि ये पूरे एक षडयंत्र के तहत किया गया। सरकारी अमला इसके पीछे अदालती आदेश की मजबूरी बताता रहा। हकीकत क्या है, इसी की पड़ताल करने की कोशिश करने जा रही है फिल्म ‘शेरनी’।
2 of 5
शेरनी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘शेरनी’ में देखा जाए तो हर फिल्मी मसाला है। इसमें एक्शन है। इमोशन है। ड्रामा है और हाल के दिनों में अलग अलग कारणों से सुर्खियों में रहे कलाकार और निर्माता हैं। विक्रम मल्होत्रा ने कॉरपोरेट की नौकरी छोड़ने के बाद से हिंदी सिनेमा में अपना अच्छा दबदबा बनाया है। प्राइम वीडियो उनको नियमित तौर से काम देता रहता है। वह भी अपनी फिल्मों को सिनेमाघर का इंतजार कराने की बजाय उन्हें प्राइम वीडियो पर रिलीज करते रहते हैं। रिश्ता ऐसे ही चलता रहता है। बिजनेस ऐसे ही बढ़ता रहता है। ‘शकुंतलादेवी’ और ‘दुर्गामती’ के बाद विक्रम अब ‘शेरनी’ भी सीधे ओटीटी पर लेकर आए हैं।
3 of 5
शेरनी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
विक्रम की कंपनी अबंडनशीया एंटरटेनमेंट ने जिस तरह की लीक से इतर सामग्री दर्शकों के सामने फिल्म ‘शेरनी’ में परोसने की कोशिश की है, उसकी बुनियाद पड़े 10 साल से ज्यादा हो चुके हैं। विक्रम के खाते में इस दौरान ‘दैट गर्ल इन येलो बूट्स’, ‘तनु वेड्स मनु’, ‘कहानी’, ‘अय्या’, ‘क्वीन’, ‘नूर’, ‘शकुंतला देवी’, ‘दुर्गामती’ और ‘शेरनी’ भले संयोग से दर्ज हुई हों, लेकिन इन फिल्मों के क्रमिक नजरिये से विक्रम ने सिनेमा में अभिनेत्रियों की स्थिति भी काफी कुछ बदल दी है। फिल्म ‘शेरनी’ इसे थोड़ा और आगे ले जाती दिखती है।
4 of 5
शेरनी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
इस बार विक्रम को साथ मिला है फिल्म ‘न्यूटन’ से चर्चा में आए निर्देशक अमित मासुरकर का। फिल्म ‘शेरनी’ का ट्रेलर ज्यादा कुछ खुलासा तो कहानी के बारे में नहीं करता लेकिन ये इतना जरूर बताता है कि अरसे बाद जानवर और इंसान के संघर्ष की कहानी को बिना ग्लैमर का सहारा लिए बताने की कोशिश हिंदी सिनेमा में होने जा रही है। 18 जून को रिलीज के लिए प्रस्तावित फिल्म ‘शेरनी’ के ट्रेलर में विद्या बालन यूं तो हैरान परेशान फॉरेस्ट ऑफिसर के रूप में दिखती हैं, लेकिन शरत सक्सेना के साथ वाले सीन में शेरनी की कुंडली बनाने वाला उनका संवाद उनके किरदार का दम दिखाता है।
5 of 5
शेरनी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
फिल्म ‘शेरनी’ के ट्रेलर में विद्या बालन और शरत सक्सेना के अलावा विजय राज, मुकुल चड्ढा, इला अरुण, ब्रिजेंद्र काला और नीरज कबी भी दिखते हैं। वैसे शरत सक्सेना को छोड़ इन सारे कलाकारों को इनमें से एक दूसरे का कोई भी किरदार दे दिया जाए तो खास फर्क दिखता नहीं है। ये कमी निर्देशन की भी हो सकती है और आस्था टिकू की लिखी कथा पटकथा की भी। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च पर विद्या बताती हैं कि वह इस कहानी पर इसे सुनने के दिन से ही लट्टू रही हैं। वह ऐसी दुनिया में जीना चाहती थीं, जिसका उनकी वास्तविक दुनिया से रत्ती भर भी लेना देना नहीं है। निर्देशक अमित मासुरकर को भी लगता है कि विद्या बालन का फिल्म में होना उनके जन, जंगल, जमीन के इस नए किस्से को दूर दूर तक लेकर जाएगा। होना भी ऐसा ही चाहिए लेकिन पिक्चर अभी बाकी है।