बॉलीवुड एक्टर सलमान खान की फिल्म 'रेस 3' सिनेमाघरों में रिलीज चुकी है। फिल्म की शानदार कमाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गौरतलब है कि 'रेस 3' के रिव्यू सही न आने पर सलमान के माथे पर चिंता की लकीरें आ गई थीं, लेकिन दो दिन की कमाई ने सलमान के चेहरे पर मुस्कान बिखेर दी है।
ईद से एक दिन पहले रिलीज हुई 'रेस 3' ने अपने पहले ही दिन करीब 29 करोड़ रुपए की कमाई की। इसी के साथ यह साल 2018 की पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है । इससे पहले 'पद्मावत' ने पहले दिन 25 करोड़ रुपए कमाए थे । वहीं दूसरे दिन यानी ईद वाले दिन फिल्म की कमाई में काफी बढ़ोत्तरी देखी गई।
ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के अनुसार 'रेस 3' अपने दूसरे दिन यानी अकेले शनिवार को करीब 38.14 करोड़ रुपए की कमाई की है। दो दिन के अंदर 'रेस 3' की कुल कमाई की बात करें तो अब तक इस फिल्म ने करीब 67.31 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। फिल्म की शानदार कमाई को देखकर कुछ ट्रेड एनालिस्टों का मानना है कि यह फिल्म रविवार को 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा बहुत आराम से पार कर लेगी।
आपको बता दें कि 'रेस 3' में सलमान के अलावा बॉबी देओल, अनिल कपूर, जैकलीन फर्नांडिस और डेजी शाह भी हैं । खबरों की मानें तो फिल्म को 4000 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है । फिल्म का बजट 150 करोड़ रुपए बताया जा रहा है । फिल्म को हिट होने के लिए कम से कम 200 करोड़ रुपए कमाने होंगे ।