90 के दशक में बेहतरीन अदाकारी से लोगों के दिलों पर छाप छोड़ने वाली एक्ट्रेस मनीषा कोइराला लंबे वक्त बाद बड़े बजट की फिल्म में नजर आएंगी। मनीषा कोइराला संजय दत्त पर आधारित बायोपिक में उनकी मां नरगिस दत्त का किरदार निभा रही हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान हाल ही में दिए गए इंटरव्यू में मनीषा ने संजय से जुड़े राज का खुलासा किया है।
मनीषा और संजय दत्त ने एक साथ 7 फिल्मों में काम किया है जिसमें सनम, खौफ, अचानक, महबूबा और बागी फिल्में शामिल हैं। मनीषा और संजय आखिरी बार एक साथ 'महबूबा' फिल्म में नजर आए थे। हाल ही में फिल्म के प्रमोशन के दौरान मनीषा ने संजय दत्त के साथ अपने रिश्ते पर बात की। इस दौरान बातों बातों में ही मनीषा अपने और संजय के बारे में ऐसी बात बोल गईं जिसे यकीनन आप नहीं जानते होंगे।
मनीषा कोइराला ने पिंकविला से बात करते हुए कहा - 'संजय दत्त की मैं उस वक्त से फैन हूं जब से मैं स्कूल में पढ़ती थी। वह ऐसे पहले और आखिरी एक्टर हैं जिनकी मैं फैन थी। मेरा संजय पर जबरदस्त क्रश था। फिल्मों में एंट्री करने के बाद संजय ने मुझसे एक बार पूछा भी था तुम्हें अब क्रश क्यों नहीं है? जवाब में मैंने कहा था अब तुम मेरे साथी कलाकार हो और अब मैं कुछ ऐसा नहीं करना चाहती जिससे परेशानी खड़ी हो जाए।'
इसके साथ ही मनीषा ने कहा - 'हमेशा से ही संजय के लिए मेरे मन में सॉफ्ट कॉर्नर रहा है। मैं संजय को काफी समय से जानती हूं। वह ऐसे व्यक्ति हैं जो दिल से बड़े हैं। वह कई बार लोगों पर इतना जल्दी विश्वास कर लेते हैं कि मुसीबत में फंस जाते हैं। संजय ने बहुत कुछ देखा है जिसकी वजह से वह आज मानिसक और भावनात्मक तौर पर काफी मजबूत शख्सियत बन गए हैं।'
आपको बता दें, मनीषा कोइराला और संजय दत्त असल जिंदगी में काफी अच्छे दोस्त हैं। हाल ही में मनीषा ने फिल्म इंडस्ट्री में फीमेल एक्ट्रेस को लेकर बड़ा बयान दिया था। मनीषा ने कहा था - 'हमारे साथ काम किए एक्टर्स आज भी 20 साल की लड़की के साथ रोमांस करते हैं लेकिन फीमेल एक्ट्रेस के 40 के होते ही उन्हें मां का रोल ऑफर होने लगता है। इस बात को मैं समझ नहीं पाई हूं।' 'संजू' फिल्म रिलीज हो गई है और दर्शकों की ओर से सोशल मीडिया पर अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।