बॉलीवुड अभिनेता संदीप नाहर की आत्महत्या की खबर ने फैंस और मनोरंजन जगत को गहरा झटका दिया है। सुशांत के साथ फिल्म 'एम एस धोनी' में काम करने वाले संदीप नाहर आज सुशांत की तरह ही इस दुनिया से दूर जा चुके हैं। संदीप ने आत्महत्या करने से पहले एक वीडियो साझा किया था जिसमें उन्होंने अपनी जान देने की वजह बताई थी। संदीप ने अपनी पत्नी कंचन शर्मा पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। अब इन सारी बातों के बीच कंचन और संदीप का एक रोमांटिक वीडियो वायरल हो रहा है।
कंचन शर्मा संग संदीप नाहर का रोमांटिक वीडियो हो रहा वायरल, पत्नी को जिम्मेदार बताकर अभिनेता ने की थी खुदकुशी
संदीप नाहर और कंचन शर्मा का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वो उनके मालदीव वेकेशन का है। ये वीडियो साल 2019 में संदीप ने अपने इंस्टाग्राम से साझा किया था। इस वीडियो में संदीप और कंचन समुंदर किनारे मस्ती करते नजर आ रहे थे। इसके अलावा उन्होंने और भी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए थे जिसमें वो ऋतिक रोशन के गाने 'कहो ना प्यार है' पर डांस करते दिख रहे थे।
A post shared by 🇮🇳 Sandeep Nahar 🇮🇳 (@sandeepnahar_official)
संदीप और कंचन का ये वीडियो बता रहा है कि उन दिनों तक पति-पत्नी के बीच सबकुछ ठीक था। ऐसा इसलिए क्योंकि इन वीडियोज में संदीप अपनी पत्नी के साथ बेहद खुश नजर आ रहे हैं। हालांकि आत्महत्या से पहले संदीप ने एक वीडियो साझा किया था जिसमें उन्होंने बताया था कि उनकी जिंदगी में पिछले एक डेढ़ साल से भुचाल आया है।
संदीप ने मरने से पहले जो वीडियो बनाया था उसमें उन्होंने कहा था, 'मुझे आपने एम एस धोनी में छोटू भैया के किरदार में देखा होगा। आज ये वीडियो बनाने का मकसद ये है कि जिंदगी में कई तरह की समस्या चल रही है। मैं दिमागी तौर पर स्थिर नहीं हूं। इसकी वजह मेरी पत्नी कंचन शर्मा है। 365 दिन लड़ना और रोज आत्महत्या की बात करना। वो कहती है मैं मर जाऊंगी और तुझे फांसी दूंगी। मेरे परिवार को और मां गाली देती है। मेरा नाम किसी से भी जोड़ देती है। शक करती है। इसका कोई इलाज नहीं है। पिछले दिनों घर से भाग गई थी। मैं फिर ढूंढने लगा। इसकी मां इसका साथ देती है। केस करनी की धमकी देती है'।
संदीप ने वीडियो पोस्ट करने के बाद फांसी लगा ली थी। पुलिस ने संदीप नाहर की पत्नी कंचन शर्मा और उनकी मां के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। बता दें कि संदीप के इस वीडियो के पोस्ट होने के बाद पुलिस की साइबर सेल के अधिकारियों ने अभिनेता के लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की थी, लेकिन जब तक वो वहां पहुंच पाते, संदीप इस दुनिया से जा चुके थे।