सलमान खान ने रणबीर कपूर की डेब्यू फ़िल्म 'सांवरिया' में एक अहम किरदार निभाया था और वो रणबीर की 'अजब प्रेम की गज़ब कहानी' में भी एक कैमियो में नज़र आ चुके हैं। मगर अब सलमान ने रणबीर के साथ बॉक्स ऑफ़िस पर सीधा मुकाबला करने का मन बना लिया है। पूरा मसला समझाने के लिए पेश है अमर उजाला की ये ख़ास रिपोर्ट।
सलमान खान और रणबीर कपूर का हमेशा से 36 का आंकड़ा रहा है। वजह सब जानते हैं - कटरीना कैफ़। सलमान से दूरी के बाद ही कटरीना क़ैफ़, रणबीर कपूर के बेहद करीब आ गयीं थीं और दोनों के इश्क की शुरुआत हुई थी। रणबीर से अपना रिश्ता तोड़ने के बाद अब कटरीना ने एक बार फिर से सलमान खान का रुख कर लिया है। मगर रणबीर अभी भी सलमान को फूटी आंख नहीं सुहाते हैं। सलमान ने जिससे दुश्मनी करने की ठान ली तो बस ठान ली। अब सलमान ने रणबीर को बॉक्स ऑफिस पर भी सीधे टक्कर देने का मन बना लिया है? कब और कैसे, ये भी आपको बताएंगे, मगर इससे पहले ये जान लीजिए कि रणबीर, सलमान के लिए एक बार फिर से परेशानी का सबब कैसे बन गये हैं।
सलमान खान अपनी एक्शन थ्रिलर फ़िल्म 'रेस 3' से काफ़ी उम्मीदें लगाये बैठें हैं और इसकी रिलीज़ को लेकर काफ़ी एक्साइटेड हैं। सलमान चाहते हैं कि उनकी ये फ़िल्म बहुत बड़ी हिट साबित हो, ऐसे में वो फ़िल्म की पब्लिसिटी करने में भी कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। 'रेस 3' के एक- एक करके रिलीज किये गये पोस्टर, टीज़र, सॉन्ग और ट्रेलर लॉन्च के ज़रिये 'रेस 3' को चर्चा में बनाये रखने के लिए सलमान ने अब तक हर मुमकिन कोशिश की है। मगर जैसे ही 'संजू' का ट्रेलर लॉन्च हुआ, वैसे ही 'रेस 3' को मिल रहे अटेंशन में भारी कभी कमी आ गई। पहले से ही 'संजू' के टीज़र की कम चर्चा नहीं हो रही थी। ऐसे में सलमान 'रेस 3' की कीमत पर 'संजू' को मिल रही पब्लिसिटी से लेकर ख़ासे नाराज़ बताये जा रहे हैं।
अब ख़बर ये है कि सलमान ने रणबीर से इसका बदला लेने का प्लान तैयार कर लिया है। ख़बर है कि सलमान ने अपनी अगली फ़िल्म 'दबंग 3' को ठीक उसी दिन यानी अगले साल 15 अगस्त को रिलीज़ करने का मन बना लिया है, जिस दिन रणबीर-अमिताभ-आलिया स्टारर 'ब्रह्मास्त्र' रिलीज़ होने वाली है। ख़बरों के मुताबिक सलमान को लगता है कि इस तरह से वो 'रेस 3' की कसर 'ब्रह्मास्त्र' को टक्कर देकर निकाल पायेंगे।