सलमान खान के जोधपुर जाने से लेकर जेल जाने तक और कोर्ट से बरी होने से लेकर मुंबई लौटने तक सलमान खान की दोनों बहनें- अर्पिता खान शर्मा और अलवीरा खान अग्निहोत्री हर वक्त उनके साथ रहीं। बॉडीगार्ड शेरा साए की तरह उनके साथ बने रहे। यहां तक कि 2 साल के नन्हे भांजे आहिल भी नजर आए। फैन्स जेल से लेकर मुंबई में उनके घर के बाहर तक डेरा डाल बैठे रहे। सोशल मीडिया पर तमाम बॉलीवुड सेलिब्रिटीज ने 'भाईजान' की जेल पर दुख और बेल पर खुशी जाहिर की। मगर पूरे प्रकरण से सलमान के करीबी दो लोग कहीं नजर नहीं आए।
दो रातें जेल में बिता आए सलमान, बहनें तो नजर आईं पर कहां थे दोनों भाई?
सलमान खान के दोनों छोटे भाई-सोहेल खान और अरबाज खान ना तो जोधपुर गए, ना ही जब 'टाइगर' पूरे परिवार के साथ घर की बालकनी से फैन्स का अभिवादन करने पहुंचा तो वे दोनों कहीं नजर आए। यहां तक कि उन्होंने अपने सोशल मीडिया वॉल पर एक भी पोस्ट सलमान खान के नाम पर नहीं लिखा। फिर सलमान की इस मुश्किल घड़ी में कहां थे उनके दोनों भाई?
सलमान खान जिस दिन जेल गए (शुक्रवार), उस दिन कई लोग मां सलमा खान और पिता सलीम खान से मिलने उनके घर पहुंचे। इसी दौरान एक मिस्ट्री वूमन भी सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में नजर आईं। इस महिला का नाम है येलो मेहरा। येलो मेहरा मॉडल, शेफ, इंटीरियर डिजाइनर और रेस्त्रां की मालकिन हैं। जब वह सलमान खान के घर से निकलीं, तब अरबाज खान उन्हें कार तक छोड़ने निकले। मिली जानकारी के अनुसार अरबाज खान येलो मेहरा को डेट कर रहे हैं। वह सलमान खान के साथ जोधपुर ना जाकर मुंबई में ही परिवार वालों के साथ रहे और घर आने वाले लोगों को अटेंड किया।
वहीं, सोहेल खान की पत्नी और बच्चे भी सलमान खान के घर पहुंचेे। मगर वह खुद कहीं नजर नहीं आए। हाल ही में वह बॉलीवुड एक्टर्स और आयकर विभाग के अफसरों के साथ हुए क्रिकेट मैच के दौरान नजर आए थे। मगर सलमान खान के साथ वह कहीं खड़े नजर नहीं आए। हालांकि, जब सलमान जेल गए तब यह खबर आई थी कि अरबाज और सोहेल उनसे मिलने जोधपुर जाएंगे, मगर वे वहां कहीं नजर नहीं आए।