टीवी की संस्कारी बहू और मां के रूप में फेमस हो चुकीं साक्षी तंवर लंबे समय बाद चर्चा में आई हैं । साक्षी फिल्म 'दंगल' और 'मोहल्ला असी' में भी नजर आ चुकी हैं । साक्षी पिछले साल 45 साल की उम्र में बिना शादी के ही मां बन गई थीं । जी हां, साक्षी ने 9 महीने की बेटी को गोद लिया था । उन्होंने अपनी बेटी का नाम दित्या रखा रखा है ।
हाल ही में स्पॉटब्वॉय डॉट कॉम को दिए इंटरव्यू में साक्षी ने बताया कि मां बनने के बाद उनकी जिंदगी कितनी बदल गई है । उन्होंने कहा, 'हर मां-बाप इस अनुभव से गुजरते हैं । मुझे लगता है कि मैं कुछ अलग नहीं हूं । मैं भी एक आम पैरेंट की तरह हूं।' साक्षी ने एकता कपूर की तरह सिंगल मदर बनने पर भी बात की ।
उन्होंने कहा, 'जब हम अपनी निजी जिंदगी में एक कदम ऊपर बढ़ जाते हैं तो ये एक बहुत खूबसूरत पल होता है। मुझे खुशी है कि हम दोनों मदरहुड को अनुभव कर रहे हैं। इस खूबसूरत फीलिंग के बारे में मैं और क्या कहूं ।' साक्षी जब मां बनी थीं तब उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए बयान दिया था ।
उन्होंने कहा था, 'मेरे परिवार के आशीर्वाद और सपोर्ट की वजह से मैंने 9 महीने की बेटी को गोद लिया है । मैं ये खबर सबको बताते हुए बहुत खुशी महसूस कर रही हूं । ये मेरे लिए बहुत अच्छा पल है । मैंने और मेरे परिवार ने मिलकर घर में दित्या का स्वागत किया है ।' बता दें कि साक्षी तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं ।
एक बार उन्होंने कहा था, 'घर में सभी मुझे बहुत प्यार करते हैं । वो मेरे हर फैसले पर मेरे साथ खड़े रहते हैं । हम एक टिपिकल भारतीय परिवार में पले-बढ़े हैं । उनके ही सपोर्ट की वजह से मैं मुंबई में अकेले रही और अपनी जिंदगी को अच्छे से जी रही हूं ।'