फिल्म केदारनाथ को लेकर अड़चनें बढ़ती ही जा रही हैं। विवाद इतना बढ़ गया कि फिल्म की शूटिंग तक रोकनी पड़ी। ऐसा कहा जा रहा है कि मनमुटाव की शुरुआत तब से हुई थी जब अभिषेक कपूर ने सोशल मीडिया पर 'केदारनाथ' फिल्म की रिलीज डेट 21 दिसंबर घोषित कर दी थी। लेकिन अब बेटी सारा के लिए पापा सैफ आगे आए हैं...
बता दें कि अभी तक सारा अपनी मां अमृता सिंह के नक्शे कदम पर चल रही थीं, लेकिन अब सैफ ने बेटी सारा की जिम्मेदारी ले ली है। दरअसल, सैफ इसलिए आगे आ रहे हैं क्योंकि सारा की अगली फिल्म हिंदी मीडियम का सीक्वल की शूटिंग भी शुरू होनी है और फिल्म के डायरेक्टर दिनेश विजन एक्टर सैफ के अच्छे दोस्त हैं। ऐसे में फिल्म में कोई देरी ना हो इसलिए सैफ को आगे आना पड़ा।
बता दें कि प्रोडक्शन हाउस KriArj Entertainment अभिषेक कपूर के इस एनाउंसमेंट से खुश नहीं थे। प्रोड्यूसर्स चाहते थे इस फिल्म से जुड़े किसी भी फैसले में आपस में पारदर्शिता हो लेकिन ऐसा नहीं होने पर उन्होंने फिलहाल फिल्म की शूटिंग बीच में ही रोकने का फैसला लिया है। उनका कहना है जब तक सभी बातें लिखित तौर पर साफ नहीं होंगी तब तक फिल्म की शूटिंग नहीं होगी।
फिल्म 'केदारनाथ' मराठी फिल्म 'सैराट' की लव स्टोरी पर आधारित फिल्म है। फिल्म से सारा अली खान बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं जिसमें उनके साथ सुशांत सिंह राजपूत मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। ये फिल्म केदारनाथ में 2013 में आई बाढ़ के बैकड्राप पर है। लेकिन फिल्म निर्माता और निर्देशक के विवाद में उलझ गई है। मामला इतना बढ़ गया कि निर्माताओं ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
फिल्म जिस प्रोडक्शन हाउस के तले बन रही है, वह है क्रिअर्ज एंटरटेनमेंट और टी सीरीज। क्रिअर्ज एंटरटेनमेंट ने निर्देशक अभिषेक कपूर पर आरोप लगाया है कि उन्होंने समय पर फिल्म का प्रोडक्शन नहीं किया और उनका रवैया अनप्रोफेशनल है।