तेलुगू सिनेमा के निर्देशक एस एस राजामौली ने अपनी पिछली फिल्म ‘बाहुबली 2’ के पहले दिन के कलेक्शन के रिकॉर्ड को अपनी नई फिल्म ‘आरआरआर’ में तोड़ दिया लगता है। लेकिन, इसके लिए उन्हें अपने तेलुगू दर्शकों का शुक्रिया अदा करना चाहिए। फिल्म ‘आरआरआर’ के हिंदी संस्करण ने पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में फिल्म ‘83’, ‘तानाजी’ और ‘गुड न्यूज’ के पहले दिन के कलेक्शन को पीछे तो छोड़ दिया, लेकिन, फिल्म के हिंदी संस्करण की कमाई फिल्म ‘बाहुबली 2’ के हिंदी संस्करण के पहले दिन के कलेक्शन से बहुत दूर रह गई है। सारी भारतीय भाषाओं को मिलाकर फिल्म का पहले दिन का नेट कलेक्शन 132 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है, ये फिल्म ‘बाहुबली 2’ के सभी संस्करणों के पहले दिन के कलेक्शन से 11 करोड़ रुपये ज्यादा है।
2 of 5
फिल्म ‘आरआरआर
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शुरुआती रुझानों के हिसाब से फिल्म ने सबसे ज्यादा कलेक्शन अपने तेलुगू संस्करण के लिए ही किया था और शुक्रवार के अंतिम आंकड़े आने के बाद भी फिल्म ने इसी भाषा में सबसे ज्यादा कारोबार किया है। फिल्म में जूनियर एनटीआर और रामचरण की पहली बार बनी जोड़ी को देखने के लिए दर्शक देर रात तक बेचैन दिखे। मुंबई में दोनों कलाकारों के प्रशंसकों ने फिल्म दिखा रहे सिनेमाघरों के सामने नारियल फोड़े और दोनों सितारों के पोस्टरों का दुग्धाभिषेक भी किया। फिल्म के शुक्रवार के पहले शोज सुबह काफी जल्दी शुरू हो गए थे और दोपहर 12 बजे के शो तक आते आते सिनेमाघर दर्शकों से खचाखच भरते दिखने लगे। फिल्म दोपहर में थोड़ा लड़खड़ाई थी लेकिन देर रात के शोज में दर्शकों की जुटी भीड़ ने इसे नंबर वन फिल्म बना दिया।
3 of 5
आरआरआर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म ‘आरआरआर’ के अंतिम आंकड़े बता रहे हैं कि फिल्म ने पूरे देश के सभी बॉक्स ऑफिस को मिलाकर भी 132 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। इसके साथ ही इस फिल्म ने एस एस राजामौली की पिछली फिल्म ‘बाहुबली 2’ के पहले दिन के पूरे देश के 121 करोड़ रुपये की ओपनिंग लेने के आंकड़े को पार कर लिया है। फिल्म ‘आरआरआर’ को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में देर रात के शोज में धमाकेदार कामयाबी मिली है और फिल्म का सबसे ज्यादा कलेक्शन भी वहीं हुआ है।
4 of 5
फिल्म आरआरआर
- फोटो : सोशल मीडिया
शनिवार की दोपहर तक आए बॉक्स ऑफिस के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म के तेलुगू संस्करण ने करीब 104.9 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। फिल्म ‘बाहुबली 2’ के हिंदी संस्करण ने पहले दिन की ओपनिंग को उम्मीद से आगे ले जाने में बड़ा रोल निभाया था लेकिन फिल्म ‘आरआरआर’ के हिंदी संस्करण को फिल्म ‘सूर्यवंशी’ जितनी ओपनिंग भी नहीं मिल सकी। फिल्म ‘आरआरआर’ के हिंदी संस्करण ने पहले दिन 19 करोड़ रुपये की कमाई की है। ‘सूर्यवंशी’ की ओपनिंग 26.29 करोड़ रुपये की रही थी। फिल्म ‘83’ ने रिलीज के पहले दिन 12.64 करोड़ रुपये जुटाए थे।
5 of 5
आरआरआर
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
हिंदी और तेलुगू के अलावा फिल्म ‘आरआरआर’ तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज हुई है लेकिन फिल्म को इन राज्यों से वैसा समर्थन नहीं मिल सका जिसकी कि उम्मीद की जा रही थी। हिंदी और तेलुगू से इतर भाषाओं में रिलीज हुए फिल्म ‘आरआरआर’ के संस्करणों में फिल्म ने तमिल में 6.5 करोड़ रुपये, मलयालम में 2.3 करोड़ रुपये और कन्नड़ में 0.2 करोड़ रुपये कमाए हैं।