हिंदी और बंगाली फिल्मों की फेमस एक्ट्रेस मुनमुन सेन की बेटी और एक्ट्रेस रिया सेन आज अपना 38वां जन्मदिन मना रही हैं। रिया रुपहले पर्दे पर तो कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं लेकिन विवादों से उनका गहरा नाता रहा है। रिया ने फिल्म 'स्टाइल' से अपने करियर की शुरुआत की थी। उनकी हिट फिल्मों में 'स्टाइल', 'झंकार बीट्स' और 'अपना सपना मनी-मनी' जैसी फिल्में ही याद आती हैं जबकि रिया ने बॉलीवुड में करीब 30 फिल्में की हैं।
अब रिया पूरी तरह से बंगाली फिल्मों की तरफ रुख कर चुकी हैं लेकिन बॉलीवुड उनसे जुड़े विवादों को कभी नहीं भूल पाएगा। रिया के विवादों में उनके एमएमएस लीक होने से लेकर रेव पार्टी में मिलने तक के किस्से शामिल हैं। बॉलीवुड में पैर जमाने की होड़ में उनके हाथ या तो विवाद लगे या फिर बी ग्रेड फिल्में। स्टार किड होने के बाद भी रिया सफल अभिनेत्री के तौर पर खुद को स्थापित नहीं कर पाईं।
रिया सेन को फिल्म ना मिलने की एक वजह उनका खराब बर्ताव भी था। डायरेक्टर से लेकर फिल्म यूनिट का हर मेंबर उनके बुरे बर्ताव से परेशान रहता था। इसके अलावा रिया अपने अफेयर को लेकर भी हमेशा चर्चा में रहीं। उनके ब्वॉयफ्रेंड में अक्षय खन्ना से लेकर लेखक सलमान रुशदी तक का नाम शामिल है। जबकि रुशदी रिया से दोगुनी उम्र के थे।
रिया ने अक्षय खन्ना के साथ फिल्म 'लव यू हमेशा' में काम किया था। इसी फिल्म के दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ीं और फिर दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे। अफसोस की बात ये रही कि ये फिल्म कभी रिलीज नहीं हो पाई। रिया और अक्षय का रिलेशन कुछ समय तक तो ठीक चला फिर दोनों के बीच आ गए जॉन अब्राहम। जो उस दौरान एक सफल मॉडल की तरह उभर रहे थे।
अब रिया का दिल जॉन पर आ गया तो अक्षय से उन्होंने ब्रेकअप कर लिया। मीडिया में दोनों के अफेयर की खूब खबरें आई थीं। हालांकि जॉन से ब्रेकअप के बाद अक्षय और रिया एक बार फिर साथ आए थे और अपने रिश्ते को दूसरा मौका दिया था लेकिन इस बार रिया की जिंदगी में उस समय के उभरते क्रिकेटर श्रीसंथ ने एंट्री ले ली। इस वजह से एक बार रिया का ब्रेकअप हो गया।