संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' में अलाउद्दीन खिलजी के रोल में सब पर भारी पड़े हैं तो वो हैं रणवीर सिंह। ऐसा 'पद्मावत' देख कर आने वाले लोगों का कहना है क्योंकि अलाउद्दीन खिलजी का किरदार निभा रहे रणवीर सिंह ने अपने रोल के साथ जो न्याय किया हैं वो शायद कोई और नहीं कर सकता था। दिल्ली सल्तनत के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी की जो तस्वीर इतिहास में आपने पढ़ी या देखी होगी निर्देशक संजय लीला भंसाली ने अपनी फिल्म में उस किरदार को जीवित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
फिल्म में खिलजी का जो रूप दिखाया है उसके बाद ये बताने की जरुरत नहीं की खिलजी किसी वहशी दरिंदे से कम नहीं था। जैसा की हम सब पढ़ते आए हैं अलाउद्दीन खिलजी विलासिता, अय्याशी, कूरता और हैवानियत की मूरत था। अगर खिलजी की यही तस्वीर आपको असली लगती है तो आपको खुश होने की जरूरत है, फिल्म में खिलजी का किरदार निभा रहे रणवीर सिंह ने अपनी शानदार एक्टिंग के दम पर कल्पनाओं में बसे खिलजी को नया रूप दे दिया है।
रणवीर सिंह ने सनकी सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी के रोल में जान डाल दी है। फिल्म में उनका सनकीपन आकर्षित करता है। युद्ध के सीन में जब राजा रावल रतन सिंह अलाउद्दीन खिलजी को हरा देते हैं तो खिलजी का गुलाम मलिक काफूर ही अलाउद्दीन खिलजी की जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है। उस वक्त खिलजी का एक डायलॉग जब हॉल में तालियां बजती है वो है... इश्क और जंग में सब जायज होता है। उस वक्त खिलजी की जो तस्वीर संजय लीला भंसाली ने पर्दे पर उतारी है वो सदियों पुराने अलाउद्दीन को जीवित करती है।
13वीं सदी के अलाउद्दीन खिलजी पर फिल्माया गया गाना खली बली गाने में रणवीर सिंह का जो रुप देखने को मिलता है उसे देखने के बाद आप यकीनन ये जरूर कह उठेंगे कि खिलजी सचमुच किसी दरिंदे से कम नहीं था। खिलजी वंश के दूसरे सबसे ताकतवर शासक के तौर पर जाने जाने वाले खिलजी का मोहब्बत के प्रति एक अलग किस्म का जुनून दिखाया गया है। फिल्म में उसकी ताकत के साथ रौद्र रूप आपको फिल्म देखने के लिए उत्साहित जरूर करेगा।