रणबीर कपूर की 'संजू' कमाई के मामले में चौथे हफ्ते भी अपना जादू बिखेरने में कामयाब रही। ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि 'संजू' की कमाई का आंकड़ा जाह्नवी कपूर की फिल्म 'धड़क' के बाद थम जाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। 'संजू' के रिलीज के चौथे हफ्ते भी अपना जलवा कायम रखा और चौथे हफ्ते के पहले शुक्रवार को इसका आंकड़ा 330 करोड़ के करीब पहुंच गया है।
'संजू' फिल्म की कमाई का आंकड़ा अब तक शानदार रहा है और यह फिल्म कलेक्शन के मामले में तीसरे हफ्ते के अंत तक पांचवीं हाईएस्ट ग्रोसर फिल्म बन गई है। ट्रेड पंडितों की मानें तो 'धड़क' का 'संजू' के कलेक्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा, धीमी रफ्तार से ही सही लेकिन कमाई जारी रहेगी।
'संजू' के कलेक्शन की बात करें तो इसके पहले हफ्ते की कमाई 202.51 करोड़, दूसरे हफ्ते की कमाई 92.67 करोड़ और तीसरे हफ्ते की कमाई 31.62 करोड़ रही। वहीं चौथे हफ्ते के शुक्रवार के कलेक्शन को मिलाकर 'संजू' की कमाई का कुल आंकड़ा 329.14 के करीब पहुंच गया है। 'संजू' फिल्म की यह कामयाबी रणबीर कपूर के करियर के लिए किसी बड़े वरदान से कम नहीं है।
'संजू' रिलीज के तीसरे हफ्ते 'सूरमा' रिलीज हुई थी लेकिन 'संजू' के सामने फिल्म टिक नहीं सकी। 'संजू' की सुपरफास्ट कमाई को देखकर ऐसाे कयास लगाए जा रहे हैं कि 'संजू' 350 करोड़ भी जल्द कमा लेगी। शशांक खेतान की फिल्म 'धड़क' रिलीज होने के बाद 'संजू' के स्क्रीन्स सिनेमाघरों में कम हो गए हैं लेकिन फिर भी यह फिल्म अच्छी कमाई कर रही है।
'संजू' फिल्म ने रिलीज के दिन से अब तक रिकॉर्ड तोड़ कमाई की है और यह सिलसिला अब भी जारी है। 'संजू' संजय दत्त की बायोपिक है जिसमें रणबीर कपूर के अलावा विक्की कौशल की एक्टिंग की जमकर तारीफ की जा रही है। इस फिल्म में इन दोनों के अलावा परेश रावल, दिया मिर्जा, जिम सरभ और अनुष्का शर्मा भी मुख्य किरदार में हैं।