बॉलीवुड की नवविवाहित जोड़ी आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी को एक महीना हो गया है। दोनों 14 अप्रैल 2022 को मुंबई के वास्तु अपार्टमेंट में शादी के बंधन में बंधे थे। शादी की वन मंथ एनीवर्सरी पर आलिया भट्ट ने पति रणबीर कपूर के साथ रोमांटिक तस्वीरें साझा की हैं।
तीन तस्वीरें पोस्ट कर दी पति को बधाई
आलिया भट्ट ने इंस्टाग्राम पर तीन तस्वीरें साझा की हैं। पहली तस्वीर में वह रेड सूट में पति को निहारती नजर आ रही हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में रणबीर आलिया को बाहो में जकड़े नजर आ रहे हैं। तीसरी तस्वीर शादी के बाद रिस्पेशन पार्टी की हैं। दोनों की तस्वीरें प्रशंसकों को काफी पसंद आ रही हैं। फैंस इन पर जमकर बधाई दे रहे हैं।
सादगी के साथ की थी शादी
बीते महीने आलिया और रणबीर कपूर ने बहुत ही सादगी भरे अंदाज से शादी की थी। दोनों ने किसी वेडिंग डेस्टिनेशन को नहीं, बल्कि अपने घर वास्तु को शादी के लिए चुना। इस शादी में कपूर और भट्ट फैमिली ने शिरकत की। आलिया भट्ट का वेडिंग लुक भी काफी सादगी भरा था। आलिया भट्ट ने लहंगे की जगह हाथ से रंगी हुई आइवरी ऑगेंजा साड़ी पहनी थी।
इन फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हैं दोनों
काम की बात करें तो आलिया भट्ट इन दिनों करण जौहर, धर्मेंद्र, रणवीर सिंह, शबाना आजमी और जया बच्चन की फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में वह रणवीर सिंह के साथ नजर आएंगी। इस फिल्म के अलावा आलिया भट्ट फिल्म 'जी ले जरा' में कैटरीना कैफ और प्रियंका चोपड़ा के साथ काम करती दिखाई देंगी। वहीं रणबीर कपूर अपनी आने वाली फिल्म 'एनिमल' की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस फिल्म में उनके साथ रश्मिका मंदाना नजर आएंगी। इस फिल्म के अलावा रणबीर कपूर फिल्म 'शमशेरा' में वाणी कपूर और संजय दत्त के साथ काम करते दिखाई देंगे।