बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव 37 साल के हो गये हैं। उन्होंने अपने अभिनय के बलबूते फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। जिसकी वजह से उनको नेशनल फिल्म अवॉर्ड, तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड और एशिया पेसिफिक स्क्रीन अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। उनका असल नाम राजकुमार यादव है। राजकुमार राव को अपने शुरुआती दिनों में फिल्म इंडस्ट्री में स्थापित होने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने कई साक्षात्कारों में अपने इस संघर्ष के बारे में खुलकर बातचीत की है। एक वक्त ऐसा भी था, जब राजकुमार राव को लगातार फिल्म इंडस्ट्री में रिजेक्शन झेलना पड़ रहा था और उनकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थे। मुंबई में रहने, खाने और कपड़ों तक के लिए पैसे नहीं थे।
जन्मदिन विशेष: 37 साल के हो गये हैं राजकुमार राव, कभी स्कूल फीस भरने तक के नहीं थे पैसे
राजकुमार राव ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्होंने मुंबई शहर में कदम रखा था, उस वक्त वह एक बेहद छोटे-से कमरे में रहते थे। जिसका किराया 7 हजार रुपये था। राव का कहना था कि जेब के हिसाब से यह किराया भी उनको काफी ज्यादा लगता था। क्योंकि उनको मुंबई जैसे महानगर में रहने और खाने के लिए 15 हजार से 20 हजार रुपये तक चाहिए थे। राव का कहना था कि ऐसे वक्त में उनके बैक अकाउंट में सिर्फ 18 रुपये थे और उनके दोस्त के अकाउंट में सिर्फ 23 रुपये थे।
राजकुमार राव ने अपने एक इंटरव्यू में फिल्म इंडस्ट्री के नेपोटिज्म पर भी खुलकर बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि उनको भी इंडस्ट्री में नेपोटिज्म का शिकार होना पड़ा था। राव ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि यह वह वक्त था जब मैं फिल्मों के लिए संघर्ष कर रहा था और मुझे लगातार रिजेक्शन मिल रहा था। कई फिल्में तो मेरे हाथ से सिर्फ इसलिए गई क्योंकि कोई रसूखदार नहीं चाहता था कि मैं उस फिल्म में अभिनय करूं। हालांकि, राव का यह भी कहना था कि इंडस्ट्री में अगर कोई एक्टर दूसरे एक्टर का फेवर करता है, तो उनको इस बात से कोई दिक्कत नहीं है।
अपने संघर्ष के दिनों में गुजारे कि लिए राजकुमार राव दोस्तों से भी पैसा मांगा करते थे। उन्होंने अपने शुरुआती दिनों में छोटे-मोटे विज्ञापनों में भी काम किया, ताकि कुछ पैसे मिल सकें। ये साल 2010 था जब राजकुमार राव की किस्मत खुली और उनके संघर्ष के दिनों का खात्मा हुआ। उस वक्त उनको फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' में अहम भूमिका मिली।
हालांकि, उनको असल पहचान फिल्म 'काइ पो चे' से मिली थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और इस वक्त इंडस्ट्री के सफल अभिनेताओं में उनका नाम शुमार है। राव 31 अगस्त 1984 को गुरुग्राम के प्रेम नगर में पैदा हुए। 2008 में एफटीआईई से पास होने के बाद उन्होंने करीब दो साल तक काफी संघर्ष किया।