अभिनेता आर माधवन एक अच्छे कलाकार ही नहीं, बल्कि हाल ही में उन्होंने एक अच्छा किसान बन कर भी दिखाया है। उन्होंने बंजर जमीन को उपजाऊ बनाने के लिए ऐसी तकनीकों का इस्तेमाल किया कि अब वह जमीन एक तरह से सोना उगल रही है। जी हां! माधवन ने अपने चचेरे भाई के साथ मिलकर आज से पांच साल पहले बंजर जमीन पर खेती शुरू की थी। उसमें आज हरे भरे हाइब्रिड नारियल के पेड़ खड़े हुए हैं और मोटे मोटे नारियल भी लगे हुए हैं। माधवन ने अपनी इस तकनीकी को अब पूरे देश और दुनिया में फैलने का मन बनाया है।
फिल्मी कलाकारों में खेती करने का जज्बा कुछ ही समय पहले ज्यादा देखा गया है। लॉकडाउन के दौरान अभिनेता सलमान खान भी खेतों में काम करते हुए नजर आए। उन्होंने धान उगाए और खेतों में पानी भी लगाया। उसी तरह जमीन से जुड़े जुड़े अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी अपने घर पर खेती-बाड़ी करते हुए देखे गए। अब आर माधवन ने भी खुलासा किया है कि उन्होंने तमिलनाडु में पलानी के पास एक गांव में एक बंजर जमीन का टुकड़ा खरीदा था जिस पर उन्होंने जी तोड़ मेहनत की। उन्होंने इस जमीन पर खेती करने के लिए सामग्री तो देसी ही इस्तेमाल कीं लेकिन तरीके आधुनिक अपनाए।
और देखते ही देखते लगभग साढ़े तीन साल के अंतराल में ही वह बंजर जमीन छोटे-छोटे नारियल के पेड़ों से भर गई। अब उस जमीन पर मीठे पानी से भरे हरे नारियल के पेड़ लगे हुए हैं उन पर पक्षी भी कलरव करते हैं। और यह सब देख कर आर माधवन को बहुत खुशी महसूस होती है। अब आर माधवन ने फैसला किया है कि वह अपनी इस तकनीकी को पूरे देश और दुनिया में भी फैलाएंगे जिससे कि किसानों को ज्यादा से ज्यादा फायदा हो सके और खेती की पैदावार भी अच्छी हो। इसके लिए उन्होंने वहां के स्थानीय किसानों से संपर्क करना भी शुरू कर दिया है।
बंजर जमीन पर अपनी मेहनत से खेती करने का अनुभव साझा करते हुए आर माधवन बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। वह कहते हैं कि किसी भी जमीन को अपनी मेहनत से सींचा जाना और उसकी शक्ल ही बदल देना अपने आप में बहुत संतुष्टि प्रदान करता है। माधवन बताते हैं कि उन्होंने इस खेती को करते हुए न सिर्फ मेहनत की है, बल्कि बहुत कुछ सीखने भी मिला है। अब माधवन चाहते हैं कि उनका यह तरीका दूसरे किसानों तक भी पहुंचाया जाए। ताकि, किसान बंजर जमीन को भी खेती के अनुकूल बनाकर उसमें अच्छी फसल पैदा कर सकें।
खेती तो माधवन ने कर ली है लेकिन असली काम तो उनका अभिनय करना ही है। वह इस समय अपनी आने वाली फिल्म 'रॉकेट्री- द नंबी इफेक्ट' के लिए उत्साहित हैं। इस फिल्म की शूटिंग उन्होंने कुछ ही समय पहले खत्म की है। यह फिल्म इसरो के पूर्व वैज्ञानिक नंबी नारायण की जिंदगी पर आधारित होगी। इसमें पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है। फिल्म में अभिनेता शाहरुख खान भी एक कैमियो करते हुए नजर आएंगे।