अभी-अभी एक्टर प्रकाश राज ने बेंगलुरु में दिए अपने उस बयान पर सफाई दी है जो उन्होंने अभिनेताओं के नेता बनने पर दी थी। रविवार को मीडिया से मुखातिब होते हुए प्रकाश राज ने कहा था कि एक्टर्स का राजनीति में आना किसी त्रासदी से कम नहीं।
कुछ ही देर में एक्टर प्रकाश राज का ये बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा था जिसके बाद एक और ट्वीट करते हुए उन्होंने अपने बयान पर सफाई दी। प्रकाश राज का साफ कहना था कि उनके बयान को तोड़मरोड़ कर अपने अंदाज में पेश किया।
अपने पोस्ट में प्रकाश राज ने मीडिया को आड़े हाथों लेते हुए लिखा कि, 'देखिए किस तरह आपकी बातों को तोड़ा-मरोड़ा जाता है। मैंने एक्टर्स को स्पष्ट उद्देश्य और देश की समस्याओं को समझकर आगे आने की बात कही थी। एक्टर्स की फैन फॉलोइंग होती है, लोगों को भी फैंस की तरह नहीं बल्कि जिम्मेदार नागरिक की तरह वोट देना चाहिए'।
राजनीति में प्रवेश को लेकर भी प्रकाश राज ने साफ किया कि वो किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हो रहे हैं। बता दें कि लगातार पीएम मोदी के विरोध में अपनी आवाज बुलंद किए हुए इस एक्टर का कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा आम थी।
प्रकाश राज ने सिनेमा हॉल में राष्ट्रगान बजाने के मुद्दे पर भी बेबाकी से अपनी राय रखी। बकौल प्रकाश राज, 'मुझे नहीं लगता कि किसी को भी सिनेमा हॉल में खड़े होकर अपनी देशभक्ति का सबूत देने की जरूरत है'।