एक्टर और सिंगर रितेश पांडेय भोजपुरी फिल्म जगत का एक मशहूर नाम है। रितेश बहुत ही जल्द अपनी आवाज और अभिनय से लोगों के दिल में जगह बनाने में कामयाब रहे और यही वजह है कि यूट्यूब पर उनके गाने का वीडियो काफी पसंद किया जाता है। रितेश पांडेय का एक गाना 'पियवा से पहिले' ने खूब धूम मचाई थी।
अब रितेश का एक नया गाना इन दिनों इंटरनेट पर धमाल मचा रहा है। गाने के बोल हैं 'धन बाड़ू जान... तोहार धन बा जवानी'। 14 जून को यूट्यूब पर अपलोड किए गए इस वीडियो को अब तक 595,079 बार देखा जा चुका है। भोजपुरी के फैंस रितेश के इस गाने को खूब पसंद कर रहे हैं।
गाना रिलीज हुए अभी 4 दिन ही हुआ है लेकिन यूपी बिहार के ऑरकेस्टा में इस गाने की धूम अभी से देखने को मिल रही है। बता दें रितेश पांडेय ने बहुत कम समय में ही भोजपुरी फिल्मों में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। खबरों की मानें को एक फिल्म के लिए रितेश 15 से 20 लाख रुपये चार्ज करते हैं।
हाल ही में रितेश पांडेय कि आगामी फिल्म 'किसमें कितना है दम' का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हुआ था। इसके अलावा रितेश पांडेय 'गिरफ्तार' को लेकर काफी व्यस्त चल रहे हैं। इस फिल्म में रितेश पांडेय के अलावा राकेश मिश्रा, अंजना सिंह, पूनम दुबे, संजय पांडेय, मनोज टाइगर, योगेश सिंह भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
रितेश बिहार सासाराम के रहने वाले हैं। फिलहाल, वे वाराणसी में रहते हैं। रितेश की शुरुआती पढ़ाई वाराणसी से हुई है। फिलहाल, वे महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के स्टूडेंट हैं। रितेश के कई एलबम मार्केट में आ चुके हैं।