सुप्रीम कोर्ट ने भले ही संजय लीला भंसाली की फिल्म को देशभर में रिलीज करने का आदेश दिया हो लेकिन 'पद्मावत' फिल्म की मुसीबत थमने का नाम नहीं ले रही हैं। फिल्म के विरोध को रोकने के लिए भंसाली ने करणी सेना को पत्र लिखा था लेकिन उसका भी कोई फायदा नहीं हुआ।
Bollywoodlife के मुताबिक करणी सेना ने फिल्म के रिलीज के खिलाफ विरोध तेज कर दिया है। इसके साथ ही ऐसी खबरें आ रही हैं कि भंसाली ने करणी सेना को एक पत्र लिखा था और उनसे गुजारिश की थी पहले फिल्म देख लें उसके बाद कोई राय बनाएं। करणी सेना ने फिल्ममेकर भंसाली का आग्रह अस्वीकार करते हुए कहा 'वह फिल्म नहीं देखेंगे बल्कि उसकी होली जलाएंगे।'
आपको बता दें कुछ राज्यों ने फिल्म के विरोध के चलते इसकी रिलीज करने पर बैन लगा दिया था लेकिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उन्हें बैन हटाना पड़ा था। हालांकि आज गुजरात में विरोध की हिंसा इतनी बढ़ गई कि टिकट काउंटर तक को आग के हवाले कर दिया। ऐसे में सिनेमाघर मालिकों ने इस फिल्म को रिलीज ना करने का फैसला लिया है।
दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में अक्षय कुमार ने 'पद्मावत' की रिलीज की वजह से 'पैडमैन' को 9 फरवरी को रिलीज करने का फैसला लिया है। ऐसे में भंसाली के सामने फिल्म का जबरदस्त विरोध एक बड़ी मुसीबत है। निर्माता संजय लीला भंसाली और स्टूडियो वायकॉम18 की फिल्म का बजट 180 करोड़ रुपए है। 35 करोड़ रुपए प्रचार-प्रसार का बजट है। इस रकम को वापस पाना बड़ी चुनौती है।