दीपिका पादुकोण की फिल्म 'पद्मावत' 25 जनवरी को रिलीज होगी। इस फिल्म के अक्षय कुमार ने अपनी मूवी 'पैडमैन' की रिलीज डेट भी आगे बढ़ाकर 9 फरवरी कर दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि अब फिल्म को हिट होने से कोई नहीं रोक सकता। लेकिन सब कुछ ठीक होने के बावजूद फिल्म पर खतरे के बादल मंडरा रहे हैं।
निर्माता संजय लीला भंसाली और स्टूडियो वायकॉम18 की फिल्म का बजट 180 करोड़ रुपए है। 35 करोड़ रुपए प्रचार-प्रसार का बजट है। इस रकम को वापस पाना बड़ी चुनौती है। इसकी सबसे बड़ी वजह है, फिल्म का चौतरफा विरोध।
जानकारों का मानना है कि 24 जनवरी की रात 9.30 बजे देश के प्रमुख शहरों में प्री-पेड प्रिव्यू और 25 जनवरी को गणतंत्र दिवस वाले वीकेंड में रिलीज होने का लाभ 'पद्मावत' को मिल सकता है। ट्रेड पंडितों के अनुसार, जिस तरह से राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और हरियाणा में फिल्म का विरोध हो रहा है, उससे 'पद्मावत' 25 फीसदी दर्शक खो सकती है।
इसका सीधा असर फिल्म के कलेक्शन पर पड़ेगा। फिल्म की ओपनिंग को लेकर तमाम अटकलें हैं और इसका फर्स्ट डे कलेक्शन 25 से 35 करोड़ के बीच माना जा रहा है। विदेश में फिल्म को अमेरिका का पैरामाउंट पिक्चर्स रिलीज कर रहा है, इससे 'पद्मावत' को लाभ होगा। अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप और साउथ अफ्रीका में फिल्म रिलीज होगी।
'पद्मावत' को अभी पीवीआर, आइनॉक्स, सिनेपोलिस और बिग सिनेमाज जैसे चेन थिएटर्स से भी मामला सुलझाना है। इनकी शर्त है कि रिलीज के आठ हफ्ते बाद ही फिल्म टीवी या ऑनलाइन प्रसारण के लिए दी जाए। 'पद्मावत' के निर्माताओं को विश्वास है कि फिल्म चार हफ्ते सिनेमाघरों में निकाल सकती है।