कोरोना संक्रमण के चलते सिर्फ भारत में ही हर तरफ मातम का माहौल नहीं है बल्कि पूरी दुनिया का जी इन दिनों खुशियों से उचट चुका है। इसका सबूत है दुनिया के सबसे बड़े फिल्म पुरस्कार समारोह ऑस्कर अवार्ड्स का सजीव टीवी प्रसारण देखने वालों की संख्या में आई जबर्दस्त गिरावट। ये समारोह आमतौर साढ़े चार करोड़ लोग तक लाइव देखा करते थे, लेकिन इस साल टीवी पर इसका सीधा प्रसारण एक करोड़ लोगों ने भी नहीं देखा।
ऑस्कर पुरस्कारों के सीधे प्रसारण को देखने के लिए दुनिया भर के सिनेमाप्रेमी काफी उत्साहित रहते आए हैं। लेकिन, बीते साल कोरोना संक्रमण के चलते इसका सीधा प्रसारण सिर्फ दो करोड़ 36 लाख लोगों ने ही देखा। आमतौर पर ऑस्कर की दर्शक संख्या साढ़े तीन करोड़ से लेकर साढ़े चार करोड़ दर्शकों के बीच रहती आई है। ऑस्कर पुरस्कारों के सजीव प्रसारण के दर्शकों में इससे पहले बड़ी गिरावट साल 2015 में देखी गई थी लेकिन तब भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण करीब पौने चार करोड़ लोगों ने टीवी पर देखा था।
ऑस्कर्स 2021 ने इस साल खतरे की बड़ी घंटी बजाई है। यह इस बात का भी संकेत है कि दर्शकों का मन इस तरह के समारोहों को देखने में अब नहीं लग रहा है। इस साल इसका सजीव प्रसारण देखने वालों की संख्या एक करोड़ भी नहीं रही। पुरस्कार समारोह का सीधा प्रसारण देखने वालों की संख्या इस साल 98.5 लाख के आसपास बताई गई है ये पिछले साल इस पुरस्कार को देखने वालों की संख्या से 58 फीसदी कम है। ऑस्कर का सीधा प्रसारण देखने वालों में पिछले साल 2.36 करोड़ लोग शामिल थे।
ऑस्कर पुरस्कारों के सीधे प्रसारण की संख्या में इतनी बड़ी गिरावट से पूरी दुनिया के मनोरंजन जगत में हल्ला मचा हुआ है। लोगों का कहना है कि एक तो बीते पूरे साल लोग थिएटर में ज्यादा गए नहीं इसलिए उन्हें फिल्मों को लेकर भी खास दिलचस्पी रही नहीं, दूसरे इस साल के पुरस्कारों को इतना संतुलित रखने की कोशिश की गई कि पुरस्कारों के दौरान होने वाली आश्चर्यजनक जीतों की भी संभावना नहीं रही। ऑस्कर पुरस्कारों को लेकर होने वाली लॉबीइंग के चलते भी लोगों का ध्यान धीरे धीरे ऑस्कर्स की तरफ से हट रहा है।
इस साल के ऑस्कर पुरस्कारों में लॉबीइंग के चलते फिल्में बनाने वाले परंपरागत स्टूडियोज के नाम काफी कम दिखाई दिए। ओटीटी नेटफ्लिक्स ने ही इस साल के सात ऑस्कर पुरस्कार जीत लिए। हॉलीवुड के बड़े स्टूडियोज में डिजनी के हिस्से पांच और वार्नर ब्रदर्स के हिस्से सिर्फ तीन ऑस्कर आए। सोनी पिक्चर्स भी सिर्फ दो ऑस्कर ही इस साल जीत सका। इतने ही ऑस्कर पुरस्कार अमेजन की फिल्मों ने जीते हैं। एक एक ऑस्कर पुरस्कार जीतने वाली कंपनियों मे इस साल ए 24, फोकस फीचर्स, नॉरडिस्क फिल्म और फेसबुक शामिल रहे।