कोरोना वायरस की वजह से पूरे भारत में लॉकडाउन लागू है। इस लॉकडाउन में डॉक्टर्स के अलावा तमाम पुलिसकर्मी दिन-रात लोगों की सुरक्षा के लिए मेहनत कर रहे हैं। सोशल मीडिया के जरिए भी पुलिस देश की जनता को इस लॉकडाउन में बेवजह घर से न निकलने की अपील कर रही है। मंगलवार को मुंबई पुलिस ने बेहद खास अंदाज में लोगों से लॉकडाउन के बीच घर से न निकलने की अपील की है।
मुंबई पुलिस ने फिल्मी अंदाज में लोगों से की लॉकडाउन का पालन करने की अपील, गली ब्वॉय का पोस्टर साझा कर लिखी ये बात
दरअसल, मुंबई पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर अभिनेता रणवीर सिंह और अभिनेत्री आलिया भट्ट की सुपरहिट फिल्म गली ब्वॉय का एक पोस्टर साझा किया। इस पोस्ट में आलिया भट्ट मुस्कुराती हुई नजर आ रही हैं। इस तस्वीर पर मुंबई पुलिस ने बेहद मजेदार कैप्शन लिखा।
तस्वीर के कैप्शन में लिखा, 'वो फेस है, जब वह कहता है कि मैं लॉकडाउन में बाहर जाता हूं।' इस कैप्शन के जरिए पुलिस ने लोगों से घर में रहने की अपील की है। सोशल मीडिया पर मुंबई पुलिस का ये ट्वीट काफी वायरल हो रहा है। तमाम सोशल मीडिया यूजर्स और आलिया-रणवीर के फैंस भी इस ट्वीट को काफी पसंद कर रहे हैं। साथ ही कमेंट के जरिए अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। गौरतलब हो कि फिल्म गली ब्वॉय पिछले साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
Abort mission. We repeat - Abort Mission! #StayHome #StaySafe pic.twitter.com/vmZkFTXDbG
इस फिल्म का निर्देशन जोया अख्तर ने किया था। फिल्म गली ब्वॉय में रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के अलावा सिद्धांत चतुर्वेदी, कल्कि केकलां और विजय राज जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे। यह साल 2019 की शानदार फिल्मों में एक है। वहीं इससे पहले भी मुंबई सहित कई राज्यों की पुलिस इस तरह फिल्मों के संवाद और सीन के जरिए लोगों को कोरोना के लिए जागरूक कर चुकी है।
बात करें देश में फैले कोरोना वायरस की तो इसका कहर हर दिन बढ़ाता जा रहा है। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 18 हजार से ज्यादा हो गई है वहीं इस वायरस से अब तक 600 से ज्यादा लोग मर चुके हैं। लोगों के बीच संक्रमण को रोकने के लिए सभी राज्य की सरकारों और केंद्र ने तीन मई तक लॉकडाउन को बढ़ाया दिया है।
पढ़ें: लॉकडाउन में सुनील ग्रोवर का हुआ ऐसा हाल, कमेंट किए बिना नहीं रह पाईं नीना गुप्ता