बीते दिन अभिनेत्री मालवी मल्होत्रा के ऊपर एक शख्स द्वारा चाकू से वार करने का मामला सामने आया था। इस मामले के आरोपी का पता पुलिस ने लगा लिया है। हालांकि फिलहाल शख्स की गिरफ्तारी नहीं हुई है क्योंकि वो इस समय अस्पताल में भर्ती है। इस बात की जानकारी मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने दी है।
मालवी मल्होत्रा पर चाकू से हमला करने वाले शख्स की हुई पहचान, अस्पताल में भर्ती हैं अभिनेत्री
पुलिस ने बताया कि मुंबई से करीब 50 किलोमीटर दूर पालघर जिले में वसई के एक अस्पताल में आरोपी का पता चला है। पुलिस को ये पता चला है कि यहां आरोपी योगेश महिपाल अपना इलाज करवा रहा है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि, 'आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है क्योंकि वह अस्पताल में उपचार करा रहा है।'
वहीं थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मामले में आईपीसी की धारा 307 (हत्या की कोशिश) समेत विभिन्न प्रावधानों के तहत एक प्राथमिकी बीते दिन ही दर्ज कर ली गई है। वहीं मालवी पर हमला होने के बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां अभी भी अभिनेत्री का इलाज चल रहा है।
बता दें कि मालवी की शिकायत के मुताबिक आरोपी योगेश से उनकी (अभिनेत्री) मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से हुई थी। वहीं फेसबुक पर जान पहचान के बाद मालवी, योगेश से काम को लेकर एक बार एक कैफे हाउस में भी मिली थीं। जब सोमवार को मालवी अपने घर से निकलीं तो योगेश उनके घर के बाहर गाड़ी के पास खड़ा था और अभिनेत्री को रोकने लगा। लेकिन जब मालवी ने उसका विरोध किया तो योगेश ने चाकू से अभिनेत्री पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया।
कौन हैं मालवी मल्होत्रा
गौरतलब है कि अभिनेत्री मालवी मल्होत्रा हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं। मालवी ने छोटे पर्दे के साथ ही साथ तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। मालवी तेलुगु फिल्म 'कुमारी 21 एफ', तमिल फिल्म 'नदिक्कू एंडी' और टीवी शो उड़ान में काम कर चुकी हैं। इसके साथ ही मालवी ने बॉलीवुड फिल्म 'होटल मिलन' में भी अभिनय किया है। फिल्मों और टीवी शोज के अलावा मालवी कई विज्ञापनों में भी नजर आ चुकी हैं।
पढ़ें: कपिल शर्मा ने अक्षय कुमार को तोहफे में दी नोट गिनने की मशीन, अभिनेता ने दी ऐसी प्रतिक्रिया