भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। वह बीते लंबे समय से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। हर कोई उनके ठीक होने की दुआ कर रहा था लेकिन 10 अक्तूबर की सुबह उनके निधन की खबर ने लोगों को भावुक कर दिया। एक तरफ राजनेता से लेकर सिनेमा जगत के कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं तो दूसरी तरफ आम लोग उनकी जिंदगी के बारे में जानने की कोशिश कर रहे हैं। साल 2021 में मुलायल सिंह यादव पर एक फिल्म बनी थी, जिसका नाम 'मैं मुलायम सिंह यादव' है। इस फिल्म में मुलायम के परिवार के बारे में खुलकर बताया गया है। आइए आपको इस फिल्म के जरिए ही उनकी निजी जिंदगी के कुछ जरूरी पहलू से रूबरू करवाते हैं।
Mulayam Singh Yadav Death: फिल्म में दिखा मुलायम का पूरा सफरनामा, लेकिन नजर नहीं आई उनकी मोहब्बत
अमित सेठी बने मुलायम
मुलायम सिंह यादव की जिंदगी से कई लोग जुड़े हुए थे, जिनमें से कुछ करीबी लोगों का जिक्र इस फिल्म में काफी बारीकी से किया गया। सुवेंदु घोष के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमित सेठी ने मुलायम सिंह यादव का दमदार किरदार निभाया था और उनकी पहली पत्नी के किरदार में प्रेरणा सिंह नजर आई थीं। इस फिल्म में मुलायम के भाई शिवपाल के रोल में मिथुन चक्रवर्ती के बेटे मिमोह, राम मनोहर लोहिया के किरदार में प्रकाश बलबेटो और चरण सिंह के किरदार में गोविंद नामदेव चौधरी दिखे थे। फिल्म में मुलायम के माता-पिता तक का जिक्र किया गया था और यह रोल जरीना वहाब और अनुपम श्याम ने निभाया था।
यह भी पढ़ें:- Mulayam Singh Yadav Death: अमिताभ बच्चन से विशेष स्नेह रखते थे नेताजी, बनाया था यूपी का ब्रांड एंबेसडर
फिल्म में नहीं दूसरी पत्नी का जिक्र
इस फिल्म में मुलायम सिंह की पहली पत्नी के किरदार को काफी अच्छे से बताया गया है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे मुलायम की पहली पत्नी मालती देवी ने अपने पति का साथ हर मुश्किल समय में दिया था। लेकिन पूरी फिल्म में साधना गुप्ता का जिक्र तक नहीं है, जो मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी हैं। कहा जाता है कि जब साधना अपने पहले पति चंद्र प्रकाश गुप्ता से तलाक लेकर राजनीति में आई थीं तब उनकी मुलाकात मुलायम यादव से हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं। काफी समय तक दुनिया को दोनों के रिश्ते के बारे में पता ही नहीं था और मुलायम ने भी परिवार की वजह से अपने इस रिश्ते को कभी नाम देने की हिम्मत नहीं की। यह साफ है कि साधना मुलायम की जिंदगी का अहम हिस्सा रही हैं लेकिन इन सबके बावजूद फिल्म में उनका कोई जिक्र नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें:- Mulayam Singh Yadav: मुलायम सिंह यादव के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर, सेलेब्स ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
कैसे पास आए मुलायम और साधना
अखिलेश यादव की बायोग्राफी 'बदलाव की लहर' में मुलायम सिंह और साधना के रिश्ते का भी जिक्र है। इस किताब में बताया गया है कि मुलायम की मां मूर्ती देवी अक्सर बीमार रहती थीं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब साधना गुप्ता मूर्ति देवी की देखभाल करती थीं। एक बार सैफई मेडिकल कॉलेज में एक नर्स गलत इंजेक्शन लगाने जा रही थी, उस वक्त साधना ने ही नर्स को रोका था। दरअसल, साधना भी नर्स रही थीं। उन्होंने नर्सिंग का कोर्स करने के बाद उन्होंने कुछ दिनों तक नर्सिंग होम में काम भी किया था। जब ये बात मुलायम को मालूम हुई तो वह साधना से काफी प्रभावित हुए।
यह भी पढ़ें:- Mulayam Singh Yadav Death: बचपन से सपा संरक्षक बनने तक, इस फिल्म में जानिए मुलायम की जिंदगी से जुड़ा हर पहलू
कैसे थे अखिलेश के साधना से रिश्ते
साल 2003 में मुलायम सिंह की पहली पत्नी मालती देवी का एक लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया था, जिसके बाद ही मुलायम ने साधना को अपनी पत्नी का दर्जा दिया। हालांकि, अखिलेश यादव को अपने पिता का यह फैसला बिल्कुल भी पसंद नहीं आया। लेकिन मुलायम अपने बेटे को मनाने की हर मुमकिन कोशिश करने लगे और इसमें वह सफल भी रहे। कहा जाता है कि उस वक्त दोनों के बीच एक समझौता हुआ था कि साधना के बेटे प्रतीक यादव राजनीति से दूर रहेंगे और ऐसा ही हुआ। वह राजनीति से दूर रहे। लेकिन उनकी पत्नी अपर्णा यादव राजनीति में उतरीं और उन्होंने भाजपा का हाथ थामा। वह विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुकी हैं।