पिछले दिनों रिलीज हुई फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जमकर धमाल मचाया है। जून का महीना एक्शन से भरपूर रहा, जिसमें बॉलीवुड से लेकर साउथ और हॉलीवुड की फिल्में सिनेमाघरों में छाई रही थीं। आगे वाले महीने के लिए दर्शकों को अपनी कमर कस लेनी चाहिए, क्योंकि इस जुलाई कई रोमांचक, एक्शन थ्रिलर और कॉमेडी फिल्में रिलीज होने वाली हैं। इसकी शुरुआत इस हफ्ते के शुक्रवार यानी 1 जुलाई से होने वाली है। ऐसे में आने वाले महीने में भी सिनेप्रेमियों का भरपूर मनोरंजन होने वाला है। तो चलिए नजर डालते हैं, इस हफ्ते रिलीज होने वाली फिल्मों की लिस्ट पर।
फिल्म का नाम- रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट
कब होगी रिलीज- 1 जुलाई, 2022
इस हफ्ते की शुरुआत आर.माधवन की फिल्म 'रॉकेट्री: द नांबी इफेक्ट' के रिलीज होने से हो रही है। यह कहानी एक इसरो के वैज्ञानिक नाम्बी नारायण की है, जो भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के वैज्ञानिक थे। उन्हें देश से गद्दारी करने के झूठे आरोपों में फंसाया गया था। 26 साल की लंबी लड़ाई के बाद साल 1998 में सुप्रीम कोर्ट ने उनको बेगुनाह बताया था। 80 साल के नम्बी नारायण कोर्ट के फैसले से तो खुश हुए, लेकिन उनका कहना था कि जिन अधिकारियों ने गुमराह कर उन्हें झूठे मामले मे फंसाया था, जब तक उन्हें सजा नहीं मिल जाती तब तक उनको संतुष्टि नहीं मिलेगी। फिल्म में माधवन के साथ ही शाहरुख खान और साउथ के अभिनेता सूर्या भी अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं।
फिल्म का नाम- राष्ट्र कवच ओम
कब होगी रिलीज- 1 जुलाई, 2022
'राष्ट्र कवच ओम' 1 जुलाई को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। कपिल शर्मा के निर्देशन में बनी यह एक एक्शन-ड्रामा फिल्म है। फिल्म में आदित्य रॉय कपूर और संजना सांघी मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म एक पैरा कमांडो की कहानी दिखाती है, जो अपने अतीत के सवालों का जवाब ढूंढते नजर आ रहे हैं। आदित्य रॉय कपूर की यह फिल्म फुल मसाले के साथ देशभक्ति से भरपूर होगी।
फिल्म का नाम- डी ब्लॉक
कब होगी रिलीज- 1 जुलाई, 2022
'डी ब्लॉक' एक तमिल एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन विजय कुमार राजेंद्रन द्वारा किया गया है। फिल्म में अवंतिका मिश्रा, ईरुमा सानी, अरुलनिथी और कारु पलानीअप्पन मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी कॉलेज में हुई एक सत्य घटना पर आधारित है।
फिल्म का नाम- यानाई
कब होगी रिलीज- 1 जुलाई, 2022
'यानाई' एक तमिल एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन हरि द्वारा किया गया है। फिल्म में अरुण विजय, प्रिया भवानी शंकर, समुथिरकानी, योगी बाबू, अम्मू अबिरामी, केजीएफ रामचंद्र राजू, राधिका सरथकुमार, आदुकलम जयपालन, इम्मान अन्नाची, राजेश, ऐश्वर्या, बोस वेंकट, संजीव और पुगाज मुख्य भूमिकाओं में हैं।