नेटफ्लिक्स की बहुचर्चित फिल्म में मिसेज सीरियल किलर बनी जैकलीन फर्नांडीज को अपने इस डिजिटल डेब्यू का मिस्टर मिल गया है। मशहूर अभिनेता मनोज बाजपेयी ने इस सीरीज के लिए हां कर दी है। यही नहीं जैकलीन के टाइटल रोल वाली इस वेब सीरीज में जी5 की हालिया सीरीज काफिर में बेहतरीन अदाकारी करने वाले अभिनेतार मोहित रैना भी एक दमदार किरदार में दिखाई देंगे।
शॉर्ट फिल्म कृति से डिजिटल डेब्यू करने वाले और भारत सरकार के पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित मनोज बाजपपेयी कहते हैं, ‘कृति ने डिजिटल दुनिया में काफी सराहना पाई और इसे किए काफी अरसा भी हो चुका था। इस बीच जब मिसेज सीरियल किलर के निर्देशक शिरीष कुंदर ने मुझे इस फिल्म के बारे में संपर्क किया तो मुझे इसकी पटकथा बहुत ही अच्छी लगी औऱ मैंने इसके लिए हां करने में बिल्कुल भी देर नहीं लगाई। नेटफ्लिक्स के साथ ये मेरी पहली पहली फिल्म होगी और यह यात्रा अब तक काफी यादगार रही है।’
वहीं, वेब सीरीज काफिर की सफलता का आनंद उठा रहे हिंदी सिनेमा के दमदार अभिनेता मोहित रैना कहते हैं, ‘मिसेज सीरियल किलर के जीवन में आने वाले इस अनोखे किरदार को लेकर मेरा अनुभव बहुत ही शानदार रहा। इस किरदार के कहानी के दूसरे किरदारों से जो रिश्ते बनते हैं, वही इस फिल्म का रहस्य बुनते हैं। नेटफ्लिक्स के साथ मेरी भी यह पहल फिल्म है और दुनिया के करीब 15 करोड़ लोगों तक इस प्लेटफॉर्म के जरिए सीधे पहुंचने का विचार ही मुझे भीतर से उत्साहित कर देता है। यह साल मेरे लिए काफी अच्छा रहा है और मैं चाहता हूं कि मेरे चाहने वाले मुझे इस फिल्म के किरदार में भी पसंद करेंगे।’