तीन साल पहले नेटफ्लिक्स की फिल्मावली ‘लस्ट स्टोरीज’ में करण जौहर निर्देशित कहानी से एकाएक सुर्खियों में आई अभिनेत्री कियारा आडवाणी के लिए दक्षिण भारत से उनके जन्मदिन पर खास तोहफा आया है। ये तोहफा भेजा है वहां के दिग्गज फिल्म निर्माता दिल राजू और फिल्म निर्देशक शंकर ने। जी हां, कियारा आडवाणी को इन दोनों ने अपनी अगली फिल्म में हीरोइन के लिए फाइनल किया है, जिसके हीरो के तौर पर सुपरस्टार राम चरण के नाम का एलान पहले ही हो चुका है। इस मेगा बजट फिल्म के लिए हीरोइन की तलाश लंबे समय से चलती रही है और निर्देशक शंकर ने इस बारे में मुंबई की तमाम दूसरी हीरोइनों के नामों पर भी विचार किया, लेकिन आखिर में लॉटरी कियारा आडवाणी के नाम की निकली और वह भी उनके जन्मदिन के खास मौके पर।
2 of 6
कियारा आडवाणी
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
निर्देशक शंकर की कमल हासन के साथ निर्माणाधीन फिल्म ‘इंडियन 2’ को लेकर चल रहे कानूनी विवादों के बीच ही उन्होंने राम चरण के साथ इस फिल्म का एलान किया था। फिल्म का काम चलाऊ नाम फिलहाल ‘आरसी 15’ रखा गया है। दक्षिण भारत में हीरो के आद्याक्षर के साथ उसकी फिल्म की संख्या लिखकर फिल्मों का एलान करने का नया चलन हाल ही में शुरू हुआ है। इस हिसाब से ‘आरसी 15’ का मतलब है इसके हीरो रामचरण की 15वीं फिल्म।
3 of 6
कियारा आडवाणी
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
कियारा आडवाणी के जन्मदिन पर जिस फिल्म का एलान हुआ है, वह एक मेगा बजट फिल्म होने के साथ साथ निर्देशक शंकर के करियर की भी अहम फिल्म है। उनकी फिल्म ‘इंडियन 2’ इसकी निर्माता लाइका प्रोडक्शंस से उनके झगड़े के चलते लटक गई है। और, फिल्म दोबारा कब शुरू होगी, इसको लेकर कुछ साफ नहीं हो पा रहा है। शंकर ने इस बीच अभिनेता रणवीर सिंह के साथ अपनी एक पुरानी हिट फिल्म ‘अन्नियन’ का हिंदी रीमेक बनाने का भी एलान किया है।
4 of 6
कियारा आडवाणी
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
फिल्म ‘आरसी 15’ कियारा आडवाणी के करियर के लिए भी काफी खास फिल्म मानी जा रही है। कियारा को हिंदी सिनेमा में आए सात साल हो चुके हैं और उनके खाते में अभी तक हिंदी में एक ही सोलो हिट फिल्म शामिल है ‘कबीर सिंह’ जिसका सारा क्रेडिट इसके हीरो शाहिद कपूर के खाते में जमा हो चुका है। वैसे राम चरण के साथ उनकी तेलुगू फिल्म ‘विन विधेय राम’ में भी उनकी तारीफ हुई थी लेकिन कियारा के पास एक भी ऐसी फिल्म नहीं है जिसे वह अपनी शो रील बता सकें।
5 of 6
अक्षय कुमार संग कियारा आडवाणी
- फोटो : अमर उजाला मुंबई
नए दौर की तमाम हीरोइनों की तरह कियारा आडवाणी ने भी महिला किरदार प्रधान फिल्म ‘इंदु की जवानी’ से अपनी ब्रांडिंग मजबूत करने की पिछले साल कोशिश की थी लेकिन ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरफ्लॉप रही। इसके अलावा बीते साल उनकी अक्षय कुमार के साथ आई फिल्म ‘लक्ष्मी’ को भी दर्शकों की खूब खरी खोटी सुनने को मिली थी। साल 2021 कियारा के करियर का इस लिहाज से टर्निंग प्वाइंट माना जा रहा है कि उनकी अगली फिल्म ‘शेरशाह’ एक ऐसे हीरो सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ है जिनकी आखिरी हिट फिल्म कौन सी थी, दर्शकों को भी जोर देकर याद करना पड़ता है। इसके अलावा वह अपने मेंटॉर करण जौहर की कंपनी की फिल्म ‘जुग जुग जीयो’ में भी वरुण धवन के साथ दिखेंगी जिनका करियर उनकी पिछली तीन फिल्मों ‘कुली नंबर वन’, ‘स्ट्रीट डांसर 3डी’ और ‘कलंक’ ने खतरे में डाल रखा है।