कोरोना वायरस की वजह से फैली अव्यवस्था के कारण इस वक्त पूरा देश आर्थिक समस्याओं से गुजर रहा है। फिल्मों की शूटिंग बंद है इसलिए मंझले वर्ग के कलाकारों के सामने आकर खड़ा हो गया है अपनी जीविका चलाने का सबसे बड़ा संकट। फिल्म निर्माण का एक मुख्य हिस्सा रहने वाले स्टंटमैनों की मदद करने के लिए अभिनेता विद्युत जामवाल आगे आए हैं।
खुद को अब भी स्टंटमैन ही मानते हैं विद्युत जामवाल, संघर्ष के साथियों के नाम लिखी ये भावुक चिट्ठी
विद्युत जामवाल ने स्टंट आर्टिस्ट्स एसोसिएशन को अपनी तरफ से आर्थिक सहायता दी है। इसके अलावा सक्षम लोगों से प्रार्थना की है कि वह भी अपनी तरफ से कुछ दान देकर इन लोगों की ऐसे कठिन समय में मदद करें। विद्युत को फिल्मों में अपने स्टंट खुद करने के लिए जाना जाता है।
यही वजह है कि उनके दिल में स्टंट करने वाले कलाकारों के लिए बहुत इज्जत है। उन्होंने अपनी शुरूआत भी मेन विलेन के पीछे खड़े होने वाले स्टंटमैन की तरह ही की। कुछ ही समय पहले उन्हें जानकारी मिली थी कि मनोरंजन जगत के स्टंटमैन आर्थिक परेशानी से गुजर रहे हैं।

वह जानते हैं कि वह अपने काम के लिए अपनी जिंदगी तक दांव पर लगाते हैं। लेकिन, इस कठिन वक्त में उन्हें कहीं से कोई मदद नहीं मिल रही है। यह जानकारी मिलते ही विद्युत ने इनकी यूनियन से संपर्क किया और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा उन्होंने अपना एक हस्तलिखित पत्र भी इन कलाकारों को संबोधित करते हुए यूनियन को लिखा।
इस बारे में विद्युत जामवाल कहते हैं, 'हमारे स्टंट कलाकारों को इस समय हमारी जरूरत है। और जो उन्हें मदद कर सकते हैं, कृपया आगे बढ़कर उनकी सहायता करें। मैं सभी से विनम्र निवेदन करता हूं। खासकर मैं अपने सहयोगियों से प्रार्थना करता हूं कि वह इन लोगों के लिए दान करें। जिससे कि इनकी आजीविका भी सुचारू रूप से चल सके। एक बेहतरीन समाज को बनाने के लिए जरूरत है कि हम उदारता को बनाए रखें।' बता दें कि विद्युत जामवाल की अगली फिल्म 'खुदा हाफिज' आगामी शुक्रवार को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जा रही है।
पढ़ें: अब 'सड़क 2' के संगीत पर लगे कॉपी करने के आरोप, संगीतकार ने कहा एकदम ओरीजिनल है गाना