'केदारनाथ' फिल्म भले ही रिलीज हो गई हो लेकिन इस पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा। उत्तराखंड में यह फिल्म बैन है जिसकी वजह फिल्म में लव-जेहाद को दिखाया जाना है। एक राज्य में फिल्म बैन होने के बाद भी इस फिल्म के प्रति लोगों उत्सुकता काफी बढ़ती जा रही है, जिसका नतीजा फिल्म का बढ़ता कलेक्शन है। इस फिल्म में सारा के अपोजिट सुशांत सिंह राजपूत हैं। फिल्म 'केदारनाथ' को पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पांस मिला था और अब दूसरे दिन का कलेक्शन भी आ गया है। दूसरे दिन के कलेक्शन पहले दिन की अपेक्षा कुछ ज्यादा है।
विवादों के बावजूद बॉक्स आफिस 'केदारनाथ' के साथ, दूसरे दिन भी कलेक्शन शानदार
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श के ट्वीट के मुताबिक 'केदारनाथ' फिल्म ने पहले दिन 7.25 करोड़ का कलेक्शन किया। बॉक्स ऑफिस इंडिया के मुताबिक 'केदारनाथ' फिल्म ने दूसरे दिन करीब 9.75 करोड़ का कलेक्शन किया है। 'केदारनाथ' फिल्म के लिए फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने शनिवार और रविवार का दिन काफी मुश्किल बताया है।
#Kedarnath takes a healthy start... Biz picked up during the course of the day... Sat and Sun biz crucial... Fri ₹ 7.25 cr. India biz.
'केदारनाथ' की कहानी एक हिन्दू टूरिस्ट (सारा अली खान) और एक मुस्लिम पिट्ठू (सुशांत सिंह राजपूत) की प्रेम कहानी पर आधारित है। फिल्म में सुशांत सिंह एक गाइड के तौर पर सारा को लेकर भगवान शिव के दर्शन कराने के लिए 14 किलोमीटर का सफर तय करते हैं। 'केदारनाथ' की कहानी साल 2013 में आई उत्तराखंड बाढ़ के इर्द-गिर्द है, जिसमें हजारों लोगों की मौत हो गई थी।
सैफ अली खान की बेटी सारा अली खान की यह डेब्यू फिल्म है। इस वजह से भी फिल्म की चर्चा जोरों पर है। 'केदारनाथ' फिल्म उत्तराखंड में रिलीज नहीं हो पाई है। हाईकोर्ट में दाखिल याचिका में कहा गया था कि फिल्म में 'केदारनाथ' मंदिर परिसर में किसिंग सीन और लव जेहाद जैसे दृश्य फिल्माए गए हैं।
इस पूरे मामले पर कोर्ट ने कहा कि आपत्तिजनक सीन का मामला सेंसर बोर्ड के अधिकार का है, हालांकि शांति व्यवस्था सरकार या जिले में डीएम के जिम्मे है। जिसके बाद यह फिल्म राज्य में बैन कर दी गई है। फिलहाल यह देखना होगा कि फिल्म पर छिड़ा बवाल क्या करवट लेता है।