कौन बनेगा करोड़पति में इस हफ्ते बाल दिवस स्पेशल एपिसोड चल रहा हैं। अमिताभ ने फास्टेस्ट फिंगर राउंड में एक सवाल पूछा, जिसका जवाब सबसे पहले अहमदाबाद के गजेन्द्र अहिर ने दिया। गजेन्द्र सातवीं क्लास में पढ़ते हैं। खास बात यह है कि उनके सभी दोस्त उनको जुगाडू नाम से पुकारते हैं। उनके दोस्तों का कहना है कि गजेन्द्र के पास हर समस्या का समाधान होता है।
गजेन्द्र केबीसी में बड़ी ही समझदारी से जवाब देते हैं। वहीं वह अपने वीडियो में बताते हैं कि वह जुगाड़ से 200 से 300 रुपए की कमाई कर लेते हैं। किसी का फोन ठीक कर देते हैं तो किसी की कोई दूसरी चीज। वह अमिताभ से कहते हैं कि उनको महीने की पॉकेटमनी 2 रुपए मिलती है। वहीं अमिताभ गजेन्द्र की बातें सुनकर काफी हैरान हो जाते हैं। अमिताभ बच्चन कहते हैं कि 'मैंने ऐसा पहला बच्चा देखा है जिसे मैथ्स पसंद है। मेरे भी घर में बच्चे हैं जिन्हें मैथ्स बिल्कुल पसंद नहीं है।' गजेंद्र ने बताया कि उन्हें साइंस बिल्कुल पसंद नहीं है। गजेंद्र शैतानी करने में भी खूब आगे रहते हैं।
वो स्कूल में अक्सर शैतानी करते हुए पकड़े जाते हैं। वह गजेन्द्र से उसकी फ्यूचर प्लानिंग को लेकर सवाल पूछते हैं। गजेन्द्र कहते हैं कि, वह एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं। अमिताभ तभी हंसते हुए कहते हैं कि जब में तुम्हारी उम्र में था तो पजामा भी नहीं पहन पाता था। शो में मौजूद सभी अमिताभ की इस बात को सुनकर हंसने लगते हैं। बच्चों के इस स्पेशल हफ्ते में आए गजेन्द्र जितने हंसमुख हैं उतने ही शैतान भी है। गजेन्द्र की उम्र 11 साल है और वह 11 सवालों का सही जवाब देते हैं।
गजेन्द्र 6 लाख 40 हजार प्वाइंटस ही जीत पाते हैं। वह 12 वें सवाल पर आकर अटक जाते हैं। इसके बाद वह क्विट करना ही अपने लिए सही समझते हैं। वहीं केबीसी के बाल दिवस वाले हफ्ते में बिगबी बच्चों के साथ गेम खेलते हुए व बच्चों के साथ मस्ती करते हुए दिखाई देंगे। जिसमें जूनियर कंटेस्टेट हॉट सीट पर पहुंच कर 7 करोड़ रुपए जीतने के लिए खेलेंगे।