जैकी श्रॉफ, केके मेनन, जिम्मी शेरगिल और पंकज त्रिपाठी जैसे दिग्गज कलाकारों के अभिनय से सजे फिल्म 'फेMous'का ट्रेलर रिलीज हो गया है। रिलीज होते ही फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। क्राइम और कॉमेडी ड्रामा से भरपूर 'फेMous' के ट्रेलर को दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं।
इस सभी स्टार के अलावा 'फेMous' में 'देव डी' और 'साहेब बीवी और गैंगस्टर' जैसी फिल्मों में नजर आ चुकीं माही गिल और फिल्म 'दृश्यम' में अजय देवगन की पत्नी की भूमिका निभाने वाली एक्ट्रेस श्रिया सरन भी मुख्य भूमिका में हैं। 'फेMous' के डायलॉग्स सुनकर दर्शकों के बीच फिल्म को देखने की एक्साइटमेंट बढ़ जाएगी।
यह फिल्म डकैतों के लिए फेमस चंबल की पृष्ठ भूमिका पर बनाई गई है। बात करें ट्रेलर की तो इसकी शुरुआत एक्टर सौरभ शुक्ला की बेहतरीन आवाज से होती है। फिल्म में बेहतरीन डायलॉग्स के साथ गोलियों की आवाज फिल्म को दमदार साबित कर रही हैं। इस फिल्म का निर्देशन करण ललित भूटानी ने किया है।
आपको बता दें कि फिल्म 'फेMous' से जैकी श्रॉफ लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर नजर आने जा रहे हैं। वह आखिरी बार फिल्म 'सरकार 3' में नजर आए थे। वहीं जिम्मी शेरगिल आखिरी बार फिल्म 'मुक्काबाज' में नजर आए थे। फिल्म 'फेMous' 1 जून को रिलीज होगी।