कंगना रनौत अपनी अपकमिंग फिल्म 'मणिकर्णिका' को लेकर एक बार फिर चर्चा में है । अचानक खबर आई कि सोनू सूद ने ये फिल्म छोड़ दी है। सोनू फिल्म में मराठा वॉरियर सदाशिव राव भाऊ का किरदार निभा रहे थे । फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी थी और पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है । फिल्म में कुछ पैच वर्क बाकी था जिसके लिए सोनू को शूटिंग करनी थी । सोनू के फिल्म छोड़ने से इसकी रिलीज डेट पर असर पड़ सकता है ।
सोनू ने सीधे तौर पर कहा कि उन्होंने ये फैसला कंगना रनौत की वजह से लिया है । दरअसल, सोनू को फिल्म के कुछ सीन फिर से शूट करने के लिए कहा गया था । लेकिन सोनू ने फिल्म छोड़ने का फैसला ले लिया । सोनू के फिल्म छोड़ने के बाद अब कंगना का बयान आया है। कंगना ने सोनू पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो किसी महिला डायरेक्टर के अंदर काम नहीं करना चाहते थे ।
उन्होंने आगे कहा, 'मैं और सोनू पिछले एक साल से मिले ही नहीं है। वो अपनी नई फिल्म 'सिम्बा' में व्यस्त हैं। उन्होंने हमें शूटिंग के लिए जो डेट्स बताई थीं, उन पर भी वो सेट पर नहीं आए। प्रोड्यूसर्स ने उन्हें फिल्म दिखाई और लेखकों ने उन्हें पैचवर्क के लिए कहानी सुनाई । लेकिन उन्होंने मुझसे मिलने से इंकार कर दिया।'
'वो एक महिला डायरेक्टर के अंडर काम नहीं करना चाहते हैं। यह मेरे लिए भी काफी चौंकाने वाली बात है क्योंकि सोनू मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। मैंने उनकी एक फिल्म का म्यूजिक भी लॉन्च किया था, जिसको उन्होंने प्रोड्यूस किया था। मणिकर्णिका की पूरी टीम को मुझ पर भरोसा है लेकिन ऐसा लग रहा है कि सोनू को न तो मुझ पर भरोसा है और न ही मेरे लिए डेट्स हैं।'
कंगना आगे कहती हैं, 'जब मैंने आखिरी बार उनसे बात की थी तब उन्होंने कहा था कि मैं किसी नए कलाकार के साथ अपनी फिल्म बना सकती हूं। उसके बाद मैंने जीशान अयूब को फिल्म की कहानी सुनाई। जब सोनू को इस बात का पता चला तो उन्होंने तुरंत हमारे स्टूडियो से बात की और अपनी तारीखें दे दीं। हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। जीशान ने हमें अपनी डेट्स दे दी थीं।'