फिल्मों में कुछ भी हो सकता है! इससे पहले ऐसा दुर्लभ मौका आपको शायद ही याद हो जब किसी फिल्म को टिकट खिड़की पर अपने ही निर्देशक की दूसरी फिल्म से खतरा पैदा हुआ हो। जी हां, अगले साल 25 जनवरी को रिलीज होने जा रही मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी को अपने ही निर्देशक कृष से खतरा है। असल में कृष जनवरी में अभिनेता तेलुगू सुपरस्टार और तीन बार तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय एनटी रामाराव की बायोपिक ला रहे हैं। यह फिल्म दो भागों में बन रही है। पहले भाग का नाम होगा: एनटीआर कथानायकडु और दूसरी फिल्म होगी: एनटीआर महानायकडु। दोनों फिल्में जनवरी में आएंगी। पहली फिल्म जहां चार जनवरी को सिनेमाघरों में आएगी, वहीं दूसरी 24 जनवरी को सिनेमाघरों में लगेगी। यह तेलुगु और हिंदी भाषाओं में बन रही हैं।
अत: तय है कि मणिकर्णिका के लिए मुश्किलें खड़ी करेगी। खास बात यह है कि कृष ने कुछ समय पहले ही खुद को मणिकर्णिका से अलग कर लिया था। फिल्म के पैचअप वर्क की शूटिंग रानी लक्ष्मीबाई का रोल निभा रहीं कंगना रनौत ने पूरी की। कंगना ने साफ कर दिया है कि वह यह काम करने के बावजूद फिल्म में सह-निर्देशक का क्रेडिट नहीं लेंगी।
अगले साल 25 जनवरी को जब मणिकर्णिका और एनटी रामाराव की बायोपिक रिलीज होगी तो कृष के नाम भारतीय सिनेमा में अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा। वह पहले ऐसे डायरेक्टर होंगे जिनकी बनाई दो बायोपिक फिल्में एक साथ आमने-सामने होंगी। सूत्रों की मानें तो कृष पर दबाव है कि वह 2019 में आंध्र प्रदेश में होने वाले चुनावों से पहले एनटीआर की बायोपिक को रिलीज करें।
इसे तेजी से बनाने चक्कर में ही कृष ने मणिकर्णिका को लॉक करने से पहले अलविदा कह दिया था। निर्माताओं ने उनसे मणिकर्णिका के लिए तारीखें ली थीं परंतु किन्हीं कारणों से तय समय पर फिल्म अंतिम रूप नहीं ले सकी। मगर कृष ने फिल्म पूरी होने का इंतजार नहीं किया। चर्चा यह भी है कि कृष द्वारा ही बनाई एनटीआर की बायोपिक को जनवरी 2019 में रिलीज करने के फैसले से मणिकर्णिका के निर्माता हैरान हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि एनटीआर की बायोपिक के निर्माता बालकृष्ण ने कृष से कहा कि वह हर हाल में समय से फिल्म पूरी करें क्योंकि इसे जनवरी को ही रिलीज करना है।
वह आंध्र में एनटीआर के साथ देशभक्ति की भावना को जोड़कर चुनाव पूर्व माहौल खड़ा करना चाहते हैं। कृष एनटीआर की बायोपिक में जोर-शोर से लगे हैं। फिल्म को तेलुगू के साथ हिंदी में भी बड़े पैमाने पर रिलीज किया जाएगा। बायोपिक का पहला हिस्सा चार जनवरी को रिलीज होने से स्वाभाविक है कि दूसरे हिस्से में भी लोगों की रुचि होगी। ऐसे में जब कंगना स्टारर मणिकर्णिका 25 जनवरी को सिनेमाघरों में आएगी तब तक दर्शक बंट चुके होंगे। ऐसे में कृष की एक फिल्म से दूसरी फिल्म को कड़ी टक्कर लेनी पड़ेगी।