अभिनेता वरुण धवन इस समय अपनी आगामी फिल्म 'जुग जुग जियो' का जोर शोर से प्रमोशन कर रहे हैं। इसी क्रम में वरुण धवन दिल्ली पहुंच गए हैं, जहां उन्होंने जमकर मस्ती भी की। अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम से वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह बस पर चढ़कर 'जुग जुग जियो' फिल्म के गाने पर डांस करते नजर आ रहे हैं।
jug jugg jeeyo: 'जुग-जुग जियो' के प्रमोशन के लिए कार्तिक आर्यन की राह पर वरुण धवन, बस पर चढ़कर किया जबरदस्त डांस
कार्तिक आर्यन की राह पर वरुण धवन
हालिया समय में अगर बॉलीवुड की बात करें तो सिर्फ 'भूल भुलैया 2' एक ऐसी फिल्म रही है, जिसने मेकर्स की उम्मीद के मुताबिक कमाई की है। हालांकि इसके पीछे अभिनेता कार्तिक आर्यन की मेहनत थी जो रंग लाई, उन्होंने न सिर्फ इवेंट्स और सोशल मीडिया के जरिए बल्कि अलग-अलग शहरों में लोगों के बीच जाकर फिल्म को प्रमोशन किया था। अब वरुण धवन जिस तरह से 'जुग जुग जियो' का प्रमोशन कर रहे हैं, उसे देखकर तो यही लगता है कि वह कार्तिक आर्यन की राह पर हैं।
बस पर चढ़कर जुग जुग जियो के गाने पर किया डांस
हाल ही में वरुण धवन और जुग जुग जियो की टीम को अलग-अलग जगहों पर लोगों के बीच जाकर फिल्म का प्रमोशन करते हुए देखा गया है। फिलहाल अब वरुण ने अपनी फिल्म के प्रमोशन से संबंधित जो नया वीडियो शेयर किया है, उसमें उन्हें बस के ऊपर चढ़कर डांस करते देखा जा सकता है और फैंस भी काफी एक्साइटेड दिखाई दे रहे हैं। अभिनेता ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, इस सारे प्यार के लिए दुनिया के टॉप पर दिल्ली मेरी जान। इसी के साथ उन्होंने फिल्म रिलीज की तारीख भी याद दिलाई है।
इस दिन रिलीज होगी 'जुग जुग जियो'
अभिनेता वरुण धवन और कियारा आडवाणी स्टारार फिल्म 'जुग जुग जियो' में उनके अलावा अनिल कपूर और नीतू कपूर भी नजर आएंगी। ये एक फैमिली ड्रामा होगी। जो कभी भावुक करेंगी तो कभी हंसाएंगी। अब तक फिल्म के गाने और ट्रेलर दोनो ही रिलीज हो चुके हैं, फिलहाल फिल्म जुग जुग जियो 24 जून को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए तैयार है।